क्रिकेट

टीम इंडिया के लिए खेल चुका ये पूर्व क्रिकेटर बना कीन्या क्रिकेट टीम का कोच

Dodda Ganesh Appointed As Chief Coach Of Kenya Cricket Team: भारतीय क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके पूर्व क्रिकेटर डोडा गणेश को कीन्या क्रिकेट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। इससे पहले भी कीन्या क्रिकेट टीम को भारत के पूर्व क्रिकेटर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

Image

डोडा गणेश बने कीन्या क्रिकेट टीम के कोच (X)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत का पूर्व क्रिकेटर बना कीन्या क्रिकेट टीम का नया कोच
  • पूर्व भारतीय क्रिकेटर डोडा गणेश बने कीन्या के कोच
  • डोडा ने भारत के लिए चार टेस्ट और एक वनडे खेला

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर डोडा गणेश को 2026 टी20 विश्व कप के अफ्रीका क्वालीफायर से पहले कीनिया की पुरुष क्रिकेट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। भारत के लिए चार टेस्ट और एक एकदिवसीय मैच खेलने वाले 51 वर्षीय गणेश ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में कर्नाटक के लिए 2000 से अधिक रन बनाए और 365 विकेट लिए। उनके सामने कीनियाई क्रिकेट के उन गौरवशाली दिनों को वापस लाने की कठिन चुनौती है जब टीम ने 1996 और 2011 के बीच पांच विश्व कप में भाग लिया।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के इस एसोसिएट सदस्य देश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2003 में रहा था जब वे संदीप पाटिल के रूप में एक भारतीय मुख्य कोच की मौजूदगी में दक्षिण अफ्रीका में हुए एकदिवसीय विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचे थे। कीनिया ने टी20 विश्व कप के सिर्फ एक टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया है जो 2007 में हुआ था।

तब से कीनियाई क्रिकेट का ग्राफ लगातार गिरता चला गया। सितंबर में आईसीसी डिविजन दो चैलेंज लीग में वे पापुआ न्यू गिनी, कतर, डेनमार्क और जर्सी से भिड़ेंगे और अक्टूबर में टी20 विश्व कप अफ्रीका क्वालीफायर खेलेंगे। पुरुषों का 2026 टी20 विश्व कप भारत और श्रीलंका द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जाएगा।

गणेश ने कहा कि वह नई भूमिका के लिए उत्सुक हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘कीनिया क्रिकेट टीम का मुख्य कोच बनाया जाना मेरे लिए सम्मान की बात है।’’

मीडिया द्वारा यहां साझा किए गए एक वीडियो में गणेश को कीनिया क्रिकेट के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत करते देखा जा सकता है।

कीनिया के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी लामेक ओनयांगो और जोसेफ अंगारा गणेश के सहायक कोच होंगे।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article