क्रिकेट

India vs Sri Lanka: दिनेश कार्तिक ने बताया दूसरे टी20 में अर्शदीप सिंह के 'फ्लॉप शो' का कारण

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Jan 6, 2023, 06:04 PM IST

Dinesh Karthik on poor performance of Arshdeep Singh in Pune T20: भारतीय गेंदबाज अर्शदीप सिंह का श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में खराब प्रदर्शन बड़ी वजह बना कि श्रीलंका ने 206 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया। अर्शदीप के नो-बॉल और फ्री-हिट वाले फ्लॉप शो को लेकर दिनेश कार्तिक ने कारण बताते हुए ट्वीट किया है।

Image

दिनेश कार्तिक का अर्शदीप सिंह पर ट्वीट (Twitter/Instagram)

IND vs SL 2nd T20, Arshdeep Singh: टीम इंडिया को गुरुवार रात पुणे में श्रीलंका के खिलाफ 16 रन से हार मिली जिसके साथ ही श्रीलंकाई टीम ने सीरीज में बराबरी कर ली है। दूसरे टी20 मैच में भारत ने टॉस जीतकर श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया था लेकिन ये फैसला उल्टा पड़ता नजर आया। इसकी एक वजह तो श्रीलंकाई बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन रहा, वहीं दूसरा कारण भारतीय गेंदबाजों की लचर गेंदबाजी भी रही। इन गेंदबाजों में जिस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा निराश किया, वो थे अर्शदीप सिंह। अब उनके फ्लॉप-शो को लेकर विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने बयान दिया है।

इस मुकाबले में अर्शदीप सिंह वापसी कर रहे थे। पहले टी20 में वो बीमारी के कारण नहीं खेल सके थे लेकिन दूसरे टी20 में उनके फिट होने पर हर्षल पटेल की जगह उन्हें टीम में मौका दे दिया गया। उम्मीद की गई थी कि अर्शदीप श्रीलंका को अपनी पेस से परेशान करेंगे लेकिन उन्होंने भारतीय टीम की परेशानी को ही बढ़ा दिया। अर्शदीप ने 2 ओवर में 37 रन लुटा डाले। इस दौरान उन्होंने ओवरस्टेपिंग करते हु 5 नो बॉल फेंकी जिससे श्रीलंका को फ्री-हिट मिली और रनों की संख्या बढ़ती चली गई। इस दौरान उन्होंने लगातार तीन नो-बॉल भी फेंकी।

पिछले साल अपनी शानदार गेंदबाजी से दिल जीतने वाले अर्शदीप सिंह के लिए नए साल का उनका पहला मुकाबला भुला देने वाला साबित हुआ है। इसकी वजह क्या रही, इस पर तमाम तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इसी बीच भारत के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने एक ट्वीट करके वजह बताने का प्रयास किया है और एक तरह से टीम प्रबंधन को संकेत भी दिए हैं।

दिनेश कार्तिक ने अपने ट्वीट में लिखा, "आपको अर्शदीप सिंह के लिए दुख हो रहा है। ये बस कम मैच प्रैक्टिस की वजह से हुआ है। ये आसान नहीं होता।" कार्तिक का साफ मानना है कि अर्शदीप ने इस बीच ज्यादा मैच नहीं खेले जिसका असर उनके लौटने पर खराब प्रदर्शन के रूप में नजर आ रहा है। वहीं अर्शदीप सिंह के बचपन के कोच ने भी टाइम्स ऑफ इंडिया को एक बयान में यही चीज दोहराई है। उनका भी यही मानना है कि कम अभ्यास की वजह से ही अर्शदीप द्वारा इतनी नो-बॉल देखने को मिलीं।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article