पुणे: एशियाई चैंपियन श्रीलंका ने कप्तान दसुन शनाका की आतिशी अर्धशतकीय पारी और शानदार गेंदबाजी की बदौलत टीम इंडिया को 16 रन से पटखनी देकर दूसरा मुकाबला अपने नाम कर लिया। श्रीलंका के 206/6 रन के जवाब में भारतीय टीम 190/8 बना सकी और मुकाबला गंवा दिया। अक्षर पटेल और सूर्यकुमार की मेहनत पर पानी फिर गया। श्रीलंका की जीत के साथ सीरीज 1-1 से बराबर हो गई। सीरीज में हार जीत का फैसला तिरुवनंतरपुरम में 7 जनवरी को होगा।
खराब रही टीम इंडिया की शुरुआत, 21 रन पर गंवाए 3 विकेट
जीत के लिए 207 के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही। 2.1 ओवर में 21 के स्कोर पर टीम के टॉप 3 बल्लेबाज ईशान किशन(2), शुभमन गिल(5) और डेब्युटेंट राहुल त्रिपाठी(5) रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद टीम को चौथा झटका कप्तान हार्दिक के रूप में लग गया। उनका शानदार कैच विकेटकीपर ने मधुशंका की गेंद पर लगा। 4.4 ओवर में 34 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद टीम मुश्किल में नजर आने लगी थी। ऐसे में पहले मैच में नाकाम रहे सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला। थोड़ी देर उनका साथ दीपक हुड्डा ने दिया। लेकिन 9 रन बनाकर वो वनिंदु हसरंगा का शिकार बने।57 पर पवेलियन लौटी आधी टीम, अक्षर-सूर्या ने कराई वापसी
57 के स्कोर पर भारत की आधी टीम वापस लौट चुकी थी। हु़ड्डा के आउट होने के बाद सूर्या और अक्षर ने मोर्चा संभाला। इस जोड़ी ने दोनों छोर से हल्ला बोल दिया और छठे विकेट के लिए तेजी से पचास रन जोड़कर टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। इस दौरान अक्षर पटेल ने 20 गेंद में और सूर्या ने 33 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। ऐसे में छक्का जड़ने की कोशिश में सूर्या 148 के स्कोर पर पवेलियन वापस लौट गए। उन्होंने 36 गेंद में 3 चौके और इतने ही छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। सूर्या और अक्षर ने 40 गेंद में 91 रन की साझेदारी की।मावी और अक्षर ने अंत में पहुंचाया जीत की दहलीज पर
सूर्या के आउट होने का बाद अक्षर पटेल ने शिवम मावी के साथ जीत की संभावना को जिंदा रखा। अपना दूसरा मैच खेल रहे मावी ने 12 गेंद में 25 रन जड़ दिए। आखिरी ओवर में जीत के लिए भारत को 21 रन बनाने थे लेकिन भारतीय टीम कप्तान शनाका के खिलाफ केवल 4 रन बना सकी और 2 विकेट गंवा दिए। अक्षर पटेल ने 31 गेंद में 65 रन की पारी खेली। अक्षर ने इस दौरान 3 चौके और 6 छक्के जड़े। शिवम मावी 26 (15) रन बनाकर आखिरी गेंद पर आउट हुए। उन्होंने 2 चौके और 2 छक्के जड़े। मावी और अक्षर के बीच सातवें विकेट के लिए 22 गेंद में 41 रन की साझेदारी हुई।श्रीलंका ने की धमाकेदार शुरुआत
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम को सलामी जोड़ी ने धमाकेदार शुरुआत दी। पथुम निशंका और कुशल मेंडिस की जोड़ी ने 80 रन जोड़े। 8.2 ओवर में इस साझेदारी को युजवेंद्र चहल ने मेंडिस को एलबीडब्लू करके तोड़ दिया। मेंडिस ने 31 गेंद में 51 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के जड़े। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए भानुका राजपक्षे(2) को उमरान मलिक ने बोल्ड कर दिया।जल्दी-जल्दी दो विकेट गंवाने के बाद श्रीलंकाई पारी को निशंका ने चरिथ असलंका के साथ संभालने की कोशिश। लेकिन स्कोर के सौ रन के पार पहुंचवे से पहले निशंका अक्षर पटेल की गेंद पर राहुल त्रिपाठी के हाथों लपके गए। उन्होंने 33(35) रन बनाए। इसके बाद जल्दी ही धनंजय डिसिल्वा 3(6) अक्षर पटेल की गेंद पर लपके गए।
