ऋषभ पंत ने कार अपनी लाइफ के सबसे दुखद दिनों के बारे में बात करते हुए एमएस धोनी के साथ उनके खास रिश्ते का बयां किया। पंत कार दुर्घटना के बाद IPL 2024 में वापसी कर सकते हैं। हालांकि, पंत आईपीएल में कितना मैच खेलेंगे यह तय नहीं है। यही कारण है कि दिल्ली कैपिटल्स ने उनके विकल्प के तौर पर युवा विकेटकीपर कुमार कुशाग्र को स्क्वॉड में शामिल किया। कुशाग्र को दिल्ली ने 7.20 करोड़ में खरीदा था। इस वापसी से पहले ऋषभ पंत ने दिए एक इंटरव्यू में एमएस धोनी के साथ उनके खास रिश्ते के बारे में खुल कर बात की है।
एमएस धोनी के साथ रिश्ते को बता पाना मुश्किल
ऋषभ पंत ने कहा 'मुझे एमएस के साथ अपने रिश्ते को समझाना हमेशा मुश्किल लगता है। धोनी हमारे लिए कुछ ऐसे हैं जिनसे आप खुलकर बात कर सकते हैं। मैं एमएसडी के साथ हर चीज पर चर्चा करता हूं। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है। मैं उनके साथ उन चीजों पर चर्चा करता हूं जिनके बारे में मैं किसी और के साथ चर्चा नहीं करूंगा। उसके साथ इसी तरह का रिश्ता है।”
एमएस धोनी से तुलना पर भी बोले पंत
ऋषभ पंत ने अपने शुरुआती दिनों को भी याद किया जब उनकी तुलना फैंस एमएस धोनी से करते थे। पंत ने धोनी से खुद की तुलना पर कहा 'सबसे पहले, मुझे समझ नहीं आता कि मुझ पर सवाल क्यों उठाए गया। मैं नया-नया टीम में शामिल हुआ था और लोग रिप्लेसमेंट के बारे में बात कर रहे थे। फैंस तुलना क्यों कर रहे थे? कोई तुलना ही नहीं होनी चाहिए। किसी ने पांच मैच खेले हैं और किसी ने 500 मैच खेले हैं।
तुलना पर सच में मुझे बहुत बुरा लगता था। मैं 20-21 साल की उम्र में अपने कमरे में वापस जाकर रोता था। तनाव के कारण मैं साँस नहीं ले पा रहा था। इतना दबाव था और मुझे नहीं पता था कि क्या करूँ। मैं मोहाली में एक स्टंपिंग करने से चूक गया और भीड़ ने 'धोनी-धोनी' के नारे लगाने शुरू कर दिए।'
