Why Rishabh Pant car accident happened: शुक्रवार सुबह करीब 5.30 बजे भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत उस समय बाल बाल बच गए जब उनकी गाड़ी दिल्ली-देहरादून हाईवे पर सड़क के डिवाइडर से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। खबरों के मुताबिक पंत अपनी मां को सरप्राइज देने के लिये रुड़की जा रहे थे। पंत को सिर, पीठ और पैरों में चोट आई हैं, लेकिन फिलहाल उनकी स्थिति बेहतर बताई जा रही है और वो देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं। इसी बीच उनका कार एक्सीडेंट क्यों और कैसे हुआ इसको लेकर डीडीसीए निदेशक ने ताजा खुलासा किया है।
ऋषभ पंत की गाड़ी दिल्ली से रुड़की जाते समय दुर्घटना का शिकार हुई जिससे पूरे देश में खलबली मच गई। स्थानीय लोगों ने उनकी मदद की जिसके बाद उनको रुड़की के एक अस्पताल ले जाया गया और बाद में देहरादून के अस्पताल में शिफ्ट किया गया। देहरादून में उनकी प्लास्टिक सर्जरी हुई है जिसके बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पंत का एक्सीडेंट क्यों हुआ, शुरुआत में इसकी वजह ये बताई गई थी कि गाड़ी चलाते समय उनकी आंख लग गई थी। वहीं, अब दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के निदेशक श्याम शर्मा ने ताजा खुुलासा करते हुए बताया है कि पंत ने उनको बताया कि रास्ते में आए एक गड्ढे से गाड़ी को बचाने के दौरान उनकी कार का संतुलन बिगड़ा और इस वजह से दुर्घटना हुई।
गौरतलब है कि एक प्रत्यक्षदर्शी ने भी मीडिया को बताया था कि उसी जगह पर पहले भी एक्सीडेंट हो चुके हैं। बीसीसीआई द्वारा जारी एक बयान में बताया गया था कि एक्सीडेंट में पंत के माथे पर दो कट आए हैं, दाएं घुटने में गंभीर चोट आई है और इसके अलावा उनकी दाईं कलाई, टखने और पैर में अन्य जगह भी चोट लगी है। जबकि पीठ पर भी चोट आई है।
