Delhi Capitals New captain: ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज एक बार फिर आईपीएल में कप्तानी करते हुए दिखेंगे। रिषभ पंत के सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद टीम को नए कप्तान की तलाश थी, जिसको लेकर गुरुवार को फ्रेंचाइजी ने मुहर लगा दी। ऑस्ट्रेलिया के लिए ताबड़तोड़ पारी खेलने वाले स्टार बल्लेबाज डेविड वॉर्नर दिल्ली कैपिटल्स के नए कप्तान होंगे। वे चोटिल रिषभ पंत की जगह लेंगे। चोटिल रिषभ पंत इस बार आईपीएल में खेलते नजर नहीं आएंगे। दिल्ली कैपिटल्स ने भी इस आईपीएल के नए सीजन में विदेशी खिलाड़ी पर भरोसा जताया है। आईपीएल के नए सीजन में दिल्ली कैपिटल्स का पहला मुकाबला एक अप्रैल को लखनऊ सुपर जाएंट्स से होगा।
इससे पहले हैदराबाद के थे कप्तान
डेविड वॉर्नर दिल्ली कैपिटल्स से पहले सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान थे। उनके कप्तानी में हैदराबाद ने कुल 67 मैच खेले, जिसमें से 35 मैचों में जीत मिली, जबकि 31 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। डेविड वॉर्नर आईपीएल तीसरे टॉप स्कोरर हैं। वे आईपीएल में 162 मैच मैच खेल चुके हैं। उन्होंने 140.01 की स्ट्राइक रेट से कुल 5881 रन बनाए हैं। इसमें 4 शतक औश्र 54 अर्धशतक शामिल है। इसके अलावा उनके बल्ले से 561 चौके और 211 छक्के निकले हैं।
अक्षर को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले अक्षर पटेल को भी दिल्ली कैपिटल्स ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। उनको टीम का उपकप्तान बनाया है। अक्षर ने आईपीएल में कुल 122 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 128.83 की स्ट्राइक रेट से 1135 रन बनाए हैं। इसके अलावा वे गेंद से भी कमाल करने में पीछे नहीं रहे हैं। उन्होंने 122 मैचों में 7.25 की इकोनॉमी से 101 विकेट भी झटके हैं।
हैदराबाद को लिया था खिताब
सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल में एक बार खिताब अपने नाम कर चुकी है। इस दौरान टीम के कप्तान डेविड वॉर्नर ही थे। उन्होंने 2016 के खिताबी मुकाबले में तूफानी पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी। टीम ने विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को 8 रन से हराया था। डेविड वॉर्नर ने 181.58 की स्ट्राइक रेट से 38 गेंद पर 8 चौके और तीन छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 69 रन बनाए थे।
