क्रिकेट

CSK vs RCB Head To Head: चेपॉक के आंकड़े देखकर टूट जाएगा RCB फैंस का दिल, 17 साल से जीत का इंतजार

CSK vs RCB Head To Head: आईपीएल का 8वां मुकाबला चेन्नई अपने होम ग्राउंड चेपॉक में खेलेगी। इस मुकाबले में उसके सामने आरसीबी होगी जिसने पिछले सीजन उसे हराकर प्लेऑफ की रेस से बाहर कर दिया था। वहीं आरसीबी के यहां के आंकड़े और भी चौंकाने वाले हैं।

Image

चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु हेड टू हेड (साभार-TNN)

CSK vs RCB Head To Head: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में शुक्रवार का दिन बहुत एक्साइटिंग होने वाला है। सीजन के 8वें मुकाबले में दो स्टार खिलाड़ियों, विराट और धोनी की टक्कर होने वाली है। यह मुकाबला चेन्नई के होम ग्राउंड एमए चिदंबरम स्टेडियम यानी चेपॉक में खेला जाएगा। मुकाबला शाम 7.30 बजे से शुरू होगा। लेकिन इससे पहले यहां के आंकड़े आरसीबी फैंस को डरा रहे हैं। दोनों टीम जीत कर यहां पहुंची है। पहले मुकाबले में आरसीबी ने केकेआर को, जबकि सीएसके ने मुंबई इंडियंस को पटखनी दी थी। अपने होम ग्राउंड पर सीएसके का पलड़ा तो भारी रहा ही है, लेकिन आरसीबी के खिलाफ आंकड़े और भी बेहतर हैं।

चेन्नई की पिच पर स्पिनर्स, बल्लेबाजों की अग्निपरीक्षा लेते हैं। इसके पीछे का कारण यह है कि यहां गेंद बल्ले पर रुक कर आती है और बल्लेबाजों के लिए शॉट्स खेलना मुश्किल होता है। यहां की पिच पर टॉस भी एक अहम रोल निभाता है। पिछले मैच में सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। मुंबई की पूरी टीम 9 विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके ने 5 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया था। आरसीबी और सीएसके के मुकाबले में भी माना जा रहा है कि जो टीम टॉस जीतेगी वह लक्ष्य का पीछा करना चाहेगी।

आरसीबी फैंस को डरा रहे हैं ये आंकड़े

सीएसके के खिलाफ आरसीबी के जो आंकड़े हैं वह उनके फैंस को रास नहीं आ रहे। आंकड़ों के अनुसार, दोनों टीमों के बीच अब तक 33 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें 21 मैचों में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम जीत हासिल करने में कामयाब हुई है। वहीं, आरसीबी को केवल 11 मैचों में ही जीत मिली है।

चेपॉक में तो और भी बुरा हाल

चेपॉक के मैदान पर तो सीएसके का हाल और भी बुरा रहा है। इस मैदान में तो आरसीबी पिछले 17 वर्षों से सीएसके से नहीं जीत पाई है। आंकड़ों के अनुसार, यहां पर दोनों टीम के बीच खेले गए कुल 9 मैच में से आरसीबी को 8 में हार और एक में जीत (साल 2008) मिली थी। इस मैदान में स्पिन गेंदबाजों का बोलबाला रहा है और ऐसे में रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, नूर अहमद की तिकड़ी पर खास नजर होगी। वहीं, आरसीबी की बात करे तो उनके पास क्रुणाल पांड्या, सुयश शर्मा और लियाम लिविंगस्टन हैं। इस मुकाबले में टीम एक अतिरिक्त स्पिनर के साथ उतरना चाहेगी और स्वपनिल सिंह को मौका मिल सकता है।

दोमों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन-

चेन्नई सुपर किंग्स की संभावित प्‍लेइंग 11- ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), रचिन रवींद्र, राहुल त्रिपाठी, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, सैम करेन, एमएस धोनी (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, नूर अहमद, नाथन एलिस/मथिशा पथिराना और खलील अहमद।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की संभावित प्‍लेइंग 11 -फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड, यश दयाल।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article