क्रिकेट

IPL 2025: क्या चेन्नई सुपर किंग्स से ऑक्शन में हो गई बड़ी गलती? कोच फ्लेमिंग ने दिया जवाब

Stephen Fleming on CSK Defeat: इंडियन प्रीमियर लीग की सबसे सफल टीम मानी जाने वाली चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन इस सीजन लगातार खराब होता जा रहा है। ऐसे में टीम की हालत देखकर उनके ऑक्शन में किए गए चयन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी को लेकर फ्लेमिंग ने जवाब दिया है।

Image

स्टीफन फ्लेमिंग (फोटो- BCCI)

Stephen Fleming on CSK Defeat: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने शुक्रवार, 25 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मिली हार के बाद एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने स्वीकार किया कि 2025 की मेगा-नीलामी (IPL Mega Auction 2025) में टीम ने गंभीर गलती की थी और इसी वजह से IPL 2025 सीज़न में टीम की हालत बद से बदतर हो गई है।

सीजन की शुरुआत ठीक, फिर लगातार गिरावट

CSK ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत के साथ इस सीज़न का आगाज़ किया था, लेकिन उसके बाद टीम ने अगले 8 में से सिर्फ एक मैच ही जीता है। खास बात यह है कि CSK चेपॉक स्टेडियम में अब तक एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी है, जो पहले तक उनका किला माना जाता था।

फ्लेमिंग ने बताई हार की वजह

सीएसके के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने हैदराबाद के खिलाफ हार के बाद कहा कि “सीज़न की शुरुआत से ही हम गलत दिशा में थे और हर मैच में पीछे ही हटते गए। हमने नीलामी में वो खिलाड़ी नहीं चुने जो हमारी रणनीति से मेल खाते। दूसरी टीमें बेहतर हुईं, पर हम नहीं। हम अपने खेल को सही तरीके से अंजाम नहीं दे पाए।”

गलत चयन, चोटें और निरंतर बदलाव बने CSK की हार की वजह

फ्लेमिंग ने कहा कि टीम में कुछ अहम खिलाड़ियों की चोटें, खिलाड़ियों का खराब फॉर्म, और लगातार बदलाव ने टीम की स्थिरता को बिगाड़ दिया।“हम लगातार टीम में बदलाव करते रहे क्योंकि हमें जो चाहिए था वो हमें मिल नहीं रहा था। खिलाड़ियों को लेकर हमारे फैसले उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर पाए।”

टॉप खिलाड़ी भी हुए फ्लॉप

चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीज़न में राहुल त्रिपाठी, रचिन रविंद्र, दीपक हुड्डा और रविचंद्रन अश्विन जैसे खिलाड़ियों को खरीदा, लेकिन इनमें से कोई भी प्रदर्शन के उस स्तर तक नहीं पहुंच सका जिसकी उम्मीद की जा रही थी। इसे लेकर फ्लेमिंग ने कहा कि “हमारे पास सीज़न की शुरुआत में एक अच्छा स्क्वॉड था, लेकिन प्लानिंग और एग्जीक्यूशन में भारी कमी रही। इसकी पूरी ज़िम्मेदारी मैं लेता हूं।”

पॉइंट्स टेबल में हालात बेहद खराब

SRH से हार के बाद CSK की हालत और बिगड़ गई है। टीम ने अब तक 9 में से सिर्फ 2 मैच जीते हैं और उनके पास सिर्फ 4 अंक हैं।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article