क्रिकेट

7 छक्के, 87 रन बनाने के बाद कूपर कोनली ने बताया पंजाब किंग्स क्यों लगातार जीत रही है

Cooper Connolly Statement: ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कूपर कोनली ने पंजाब किंग्स और लखनऊ के बीच खेले गए आईपीएल 2026 के मैच में धमाकेदार पारी को अंजाम दिया और मैच के बाद बताया कि आखिर पंजाब की जीत के पीछे की वजह क्या है।

Image

कूपर कोनली

Photo : AP

पंजाब किंग्स के ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कूपर कोनोली ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपनी टीम के अब तक के अजेय अभियान का श्रेय टीम के अंदर सकारात्मक माहौल और एक दूसरे से छोटी-छोटी चीज सीखने को दिया।

कोनोली की 46 गेंद पर 87 रन की पारी और सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य (37 गेंदों में 93 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 182 रन की साझेदारी की मदद से पंजाब किंग्स ने रविवार को यहां सात विकेट पर 254 रन बनाए और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ 54 रन की आसान जीत दर्ज की।

कोनोली ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ’’हम सभी इस बात पर चर्चा करते हैं कि एक-दूसरे के लिए क्या कारगर है। हम एक-दूसरे से छोटी-छोटी बातें सीखते हैं। हमें एक-दूसरे से छोटी-छोटी चीजें सीखने का आनंद ले रहे हैं।" उन्होंने कहा, "हम सभी बेहतर होने की कोशिश कर रहे हैं। खेल का यही उद्देश्य होता है। सर्वश्रेष्ठ टीम बनना। हम एक टीम के रूप में बेहतर होने के लिए एक-दूसरे से सीख लेते हैं।"

कोनोली ने कप्तान श्रेयस अय्यर की टीम का शानदार तरीके से नेतृत्व करने के लिए सराहना की। पंजाब ने अब तक पांच मैच जीते हैं जबकि उसका एक मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था। वह अभी छह मैचों में 11 अंकों के साथ आईपीएल तालिका में शीर्ष पर है।

कोनोली ले कहा, "वह (श्रेयस) खुद एक उदाहरण पेश करके नेतृत्व करते हैं। वह हमेशा यह कोशिश करते हैं कि टीम के सभी खिलाड़ी सहज महसूस करें। वह खिलाड़ियों को हमेशा बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि सभी खिलाड़ी खुश होकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।"

प्रियांश के साथ अपनी साझेदारी के बारे में कोनोली ने कहा, "प्रियांश पिछले साल से ऐसा प्रदर्शन कर रहा है। मुझे उसे बल्लेबाजी करते देखना अच्छा लग रहा था। मुझे लगता है कि पहले बल्लेबाजी करने पर खेल में ज्यादा बदलाव नहीं आता। आप बस अच्छे क्रिकेट शॉट खेलने की कोशिश करते हैं, गेंदबाजी आक्रमण पर दबाव बनाते हैं और ढीली गेंदों का फायदा उठाते हैं। आज हमने यही किया।"

एलएसजी के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने बड़े स्कोर वाले मैच में किफायती गेंदबाजी करके चार ओवर में केवल 25 रन देकर दो विकेट लिए। उन्होंने हालांकि हार के लिए अपनी टीम के गेंदबाजों को दोषी ठहराने से इनकार कर दिया। प्रिंस ने कहा, "उन्होंने (पंजाब के बल्लेबाजों ने) कुछ अच्छे शॉट खेले, गेंदबाजों की कोई गलती नहीं है। अगर हम हारते हैं, तो हम एक टीम के रूप में हारेंगे। अगर हम जीतते हैं, तो भी हम एक टीम के रूप में जीतेंगे। अगर हमारा दिन खराब रहा तो ऐसी कोई बात नहीं है। हमें वापसी करने की पूरी उम्मीद है।"

अपनी गेंदबाजी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "रणनीति बेहद सरल थी, जितनी हो सके उतनी डॉट बॉल फेंकना। मैं पिछले साल से ही इस पर काम कर रहा हूं। मैंने खुद पर भरोसा रखा है। मैं यॉर्कर गेंदों पर ज्यादा भरोसा करता हूं।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article