IPL Code of Conduct: चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2026 में अपने आखिरी लीग मुकाबले में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 89 रन के अंतर से करारी हार का सामना करना पड़ा। मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटन्स ने कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर की आतिशी अर्धशतकीय पारियों की बगौलत 20 ओवर में 4 विकेट पर 229 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली टीम 13.4 ओवर में 140 रन बनाकर ढेर हो गई। यह सीएसके की 19 साल के इतिहास में रन अंतर के आधार पर सबसे बड़ी हार है। इस हार के साथ ही पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने 19वें सीजन में अपने सफर का अंत किया।
दूसरी बार स्लो ओवर रेट की दोषी पाई गई चेन्नई
गुजरात के खिलाफ करारी हार के बाद चेन्नई के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर टीम के धीमी गति से गेंदबाजी करने की वजह से मोटा जुर्माना लगाया गया है। आईपीएल 2026 के 66वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स तय समय में अपने 20 ओवर पूरे नहीं कर पाई। मौजूदा सीजन में चेन्नई की टीम दूसरी बार ओवर रेट मेंटेन करने में असफल रही। 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एमए चिदंबरम स्टेडियम में भी सीएसके तय समय में ओवरों का कोटा खत्म करने में नाकाम रही थी।
कप्तान और प्लेयर्स पर हुआ लाखों का हुआ जुर्माना
आईपीएल की आचार संहिता (IPL’s Code of Conduct) की धारा 2.22 ( स्लो ओवर रेट से संबंधित) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए बीसीसीआई ने कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के ऊपर 24 लाख रुपये का जुर्माना किया है। वहीं इम्पैक्ट प्लेयर सहित टीम के अन्य खिलाड़ियों पर मैच फीस का छह प्रतिशत या 6 लाख रुपये में से जो कम हो का जुर्माना लगाया गया है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ियों को कुल मिलाकर 90 लाख रुपये का बतौर जुर्माना जमा करने होंगे।
अंक तालिका में है सातवें पायदान पर
लगातार तीन मैच में हार के साथ सीजन का आगाज करने वाली सीएसके ने सीजन का अंत भी हार के साथ किया। उसके खाते में 14 मैच में 6 जीत और 8 हार के साथ 12 अंक है। सीएसके का नेट रन रेट -0.345 है और वो खबर लिखे जाने तक अंक तालिका में सातवें स्थान पर है। पिछले सीजन चेन्नई दसवें स्थान पर रही थी। ऐसे में उसके प्रदर्शन में सुधार तो हुआ लेकिन लगातार तीसरी बार सीएसके की टीम प्लेऑफ में पहुंचने में नाकाम रही। ऐसा पहली बार हुआ है।
