क्रिकेट

DC vs CSK: चेपॉक के बाद दिल्ली का तख्त भी चेन्नई के नाम, संजू सैमसन की बदौलत दर्ज की पांचवीं जीत

दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में पर खेले गए आईपीएल 2026 के 48वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने इस अपनी पांचवीं जीत दर्ज की। 10 मैच में पांच जीत और पांच हार के साथ चेन्नई सुपर किंग्स ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीद को जिंदा रखा है। उसके 10 अंक हो गए हैं। टीम के पास अभी चार मैच बचे हैं और उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए कमाल करना होगा। मैच में संजू सैमसन ने 52 गेंद पर नाबाद 87 रन की पारी खेली।

Image

चेन्नई ने दिल्ली को हराया। फोटो- AP

DC vs CSK IPL 2026 Match Highlights: आईपीएल 2026 के 48वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स के सामने चेन्नई सुपर किंग्स से हुआ। एकतरफ मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली को 8 विकेट से मता दी। दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में मंगलवार को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 155 रन बनाये। इससे जवाब में चेन्नई ने 17.2 ओवर में 2 विकेट गंवाकर मैच अपने नाम कर लिया। संजू सैमसन ने 52 गेंद पर नाबाद 87 रन की पारी खेली।

दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मुश्किल पिच पर बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की शुरुआत खराब रही। 4 ओवर में दिल्ली को पहला झटका लगा। पथुम निसांका 19 रन बनाकर मुकेश चौधरी का शिकार बने। केएल राहुल अपने पैर जमाने की कोशिश कर रहे थे कि अकील हुसैन ने 12 के स्कोर पर राहुल को आउट कर दिल्ली को दूसरा झटक दिया।

नूर ने दिया दोहरा झटका

इसके बाद नूर अहमद ने अपनी फिरकी में नितीश राणा (15) और करुण नायर (13) को फंसाया। इसके बाद गुरजपनीत ने अक्षर पटेल को 2 के स्कोर पर पवेलियन भेजा। दिल्ली ने 69 के स्कोर पर अपने पांच विकेट गंवा दिए। दिल्ली की टीम मुश्किल में फंस गई थी, लेकिन स्टब्स और रिजवी ने दिल्ली को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

स्टब्स और रिजवी ने सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया

दिल्ली के लिए ट्रिस्टन स्टब्स ने 38 और समीर रिजवी ने नाबाद 40 रन की पारी खेली। दोनों ने छठे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी कर टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला। चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए नूर अहमद ने 22 रन देकर दो विकेट लिये। अकील हुसैन, मुकेश चौधरी, गुरजपनीत सिंह और जेमी ओवरटन को एक-एक सफलता मिली।

चेन्नई की शुरुआत खराब

लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की भी शुरुआत खराब रही। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 13 गेंद पर 6 रन बनाकर आउट हुए। 24 के स्कोर पर टीम को पहला झटका लगा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए उर्विल पटेल ने तेज बल्लेबाजी की। हालांकि, 9 गेंद पर 17 रन बनाकर आउट हुए। 45 के स्कोर पर चेन्नई ने दूसरा विकेट गंवाया।

संजू सैमसन की मैच जिताऊ पारी

हालांकि, एक छोर पर खड़े संजू सैमसन ने टीम की रन गति धीमी नहीं पड़ने दी। संजू ने 32 गेंद पर तीन चौके और चार छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 150.25 का रहा। संजू ने कार्तिक शर्मा के साथ नाबाद शतकीय साझेदारी की। दोनों के बीच 66 गेंद पर नाबाद 114 रन की साझेदारी हुई। संजू सैमसन 52 गेंद पर 87 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, कार्तिक शर्मा 31 गेंद पर 41 रन बनाकर नाबाद रहे।

चेन्नई की पांचवीं जीत

चेन्नई ने 17.2 ओवर में 8 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया। यह चेन्नई की इस सीजन पांचवीं जीत है। इस जीत के चलते चेन्नई के 10 प्वाइंट्स हो गए हैं। सीएसके की प्लेऑफ में जानें की उम्मीद अभी भी जिंदा है। उसे बाकी बचे चार मैच में से तीन मैच जीतने होंगे।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article