क्रिकेट

EXPLAINED: गुजरात टाइटन्स के खिलाफ हार के बाद क्या प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हुई केकेआर?

कोलकाता नाईट राईडर्स का आईपीएल 2026 में हाल बेहाल हो गया है। कोलकाता को गुजरात के खिलाफ मुकाबले में हार मिली है। यह केकेआर की सीजन में खेले 6 मैच में पांचवीं हार है। क्या इस शर्मनाक प्रदर्शन के बाद कोलकाता नाईट राइडर्स के लिए प्लेऑफ के दरवाजे बंद हो गए हैं। जानिए समीकरण।

Image

कोलकाता नाईट राइडर्स (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

KKR Playoff Equations: अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में लगातार दूसरे सीजन आईपीएल में उतरी तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाईट राइडर्स का हाल शुरुआत में ही बेहाल हो गया है। शुक्रवार को कोलकाता को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 5 विकेट के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। मैच में टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की टीम 20 ओवर में 10 विकेट खोकर 180 रन बना सकी। टीम के लिए कैमरन ग्रीन ने 55 गेंद में 79 रन की पारी खेली। उनके अलावा रोवमैन पॉवेल ने 27, टिम सीफर्ट ने 19 और रमनदीप सिंह ने 17 रन की पारी खेली। टीम के 7 बल्लेबाज दो अंक के आंकड़े को भी छूने में नाकाम रहे और टीम बमुश्किल 180 रन के आंकड़े को छू सकी। इसके बाद जीत के लिए मिले 181 रन के लक्ष्य को गुजरात टाइटन्स ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। गुजरात के लिए शुभमन गिल ने 50 गेंद में 86 रन की कप्तानी पारी खेली।

केकेआर के साथ 19 साल में पहली बार हुआ है ऐसा

'कोरबो लोरबो जीतबो' के नारे के साथ टूर्नामेंट में उतरी कोलकाता की टीम अपना कर रही है, लड़ भी रही है लेकिन एक भी मुकाबले में जीत उसे नहीं मिल सकी है। केकेआर की यह मौजूदा सीजन में खेले 6 मुकाबलों में पांचवीं हार है। नाईट राइडर्स का पंजाब किंग्स के खिलाफ कोलकाता में खेला गया मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था और कोलकाता को इस मैच के अंक बांटने पड़े थे। जिससे उसका टूर्नामेंट में खाता खुला था। उसके अलावा कोलकाता को अन्य पांच मुकाबलों में मुंह की खानी पड़ी। तीन बार की चैंपियन टीम छह मैच में एक बार भी जीत का स्वाद नहीं चख सकी है और ऐसा उसके साथ 19 साल के आईपीएल इतिहास में पहली बार हुआ है।

हर मुकाबला हुआ करो या मरो वाला

छह मैच में पांच हार और एक रद्द मुकाबले के साथ कोलकाता नाईट राइडर्स के खाते में कुल एक अंक हैं। उसका नेट रन रेट -1.149 का है और वो अंक तालिका में दसवें यानी कि आखिरी पायदान पर है। सभी टीमों को लीग में कुल 14 मैच खेलने उसके 8 मैच बाकी है। आम तौर पर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करने के लिए किसी भी टीम को कम से कम 8 मैच जीतने होते हैं। तभी 16 अंक के साथ उसकी प्लेऑफ में एंट्री होती है। 16 अंक के आंकड़े तक पहुंचने के लिए केकेआर को 8 मैच जीतने होंगे। तभी उसके खाते में 17 अंक होंगे। ऐसे में टूर्नामेंट अब उसके लिए नॉकआउट में तब्दील हो गया है। कोलकाता के लिए टूर्नामेंट के 25 मैच बाद ही उलटी गिनती शुरू हो गई है। अगले दो मैच में हार उसे प्लेऑफ की रेस से पूरी तरह बाहर कर देगी। इसके अलावा कोई चमत्कार की प्लेऑफ के दरवाजे उसके लिए खोल सकेगा।

कोलकाता नाईट राइडर्स का बाकी बचे मैचों का शेड्यूल (KKR Match Schedule)

क्रमांकमैचतारीख वेन्यूसमय
1कोलकाता नाईट राइडर्स बनाम राजस्थान रॉयल्स19 अप्रैल, 2026कोलकाता03:30 PM
2कोलकाता नाईट राइडर्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स26 अप्रैल, 2026लखनऊ 07:30 PM
3कोलकाता नाईट राइडर्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद03 मई, 2026हैदराबाद03:30 PM
4कोलकाता नाईट राइडर्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स08 मई, 2026दिल्ली07:30 PM
5कोलकाता नाईट राइडर्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू 13 मई, 2026रायपुर07:30 PM
6कोलकाता नाईट राइडर्स बनाम गुजरात टाइटन्स16 मई, 2026कोलकाता07:30 PM
7कोलकाता नाईट राइडर्स बनाम मुंबई इंडियन्स20 मई, 2026कोलकाता 07:30 PM
8कोलकाता नाईट राइडर्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स24 मई, 2026कोलकाता07:30 PM
केकेआर का अगला मैच राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ कोलकाता के इडेन गार्डन्स में है। ये मुकाबला तीन बार की चैंपियन टीम की दशा और दिशा निर्धारित करेगा।
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article