आईपीएल 2026 की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। इस बार यह दो दिन देरी से यानी 28 मार्च से शुरू हो रहा है। पहले मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। आईपीएल 2026 को ध्यान में रखते हुए सभी फ्रेंचाइजियों ने फैंस को अपनी ओर खींचने की कोशिश शुरू कर दी है। इसी क्रम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने विराट कोहली का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह टी20 फॉर्मेट के अपने बेस्ट ओपनर के बारे में बात कर रहे हैं।
विराट ने बताया कौन है उनका बेस्ट ओपनर
इस वीडियो में विराट कोहली से बेस्ट टी20 ओपनर को लेकर सवाल किया जा रहा है। पहले विकल्प के तौर पर उन्हें एडम गिलक्रिस्ट और सुनील नरेन का नाम दिया गया। उन्होंने बिना देर लगाए एडम गिलक्रिस्ट को चुन लिया। इस क्रम में जैसे ही ट्रेविस हेड की एंट्री होती है, वह अपना मन बदल देते हैं और हेड को चुन लेते हैं।
हेड और वीरेंद्र सहवाग में बेहतर कौन
इस क्रम में जैसे ही मुल्तान के सुल्तान वीरेंद्र सहवाग को शामिल किया जाता है। कोहली बिना देर लगाए वीरेंद्र सहवाग को चुनते हैं। उसके बाद सहवाग की तुलना क्विंटन डिकॉक, शेन वॉटसन, शिखर धवन, ब्रैंडन मैक्कुलम, सचिन तेंदुलकर और फाफ डुप्लेसी जैसे बैटर से की जाती है।
सहवाग और गेल में फंस जाते हैं कोहली
वीरेंद्र सहवाग 6 बल्लेबाजों से मुकाबला जीत जाते हैं, लेकिन जैसे ही उनकी तुलना यूनिवर्स बॉस यानी क्रिस गेल से की जाती है। विराट कोहली अपनी पसंद बदल देते हैं और फाइनली क्रिस गेल को वह टी20 का बेस्ट ओपनर चुन लेते हैं।
आंकड़े भी देते हैं गवाही
विराट कोहली तथ्यों के साथ क्रिस गेल को बेस्ट टी20 ओपनर चुन रहे हैं। टी20 क्रिकेट में उनसे ज्यादा रन और छक्के और किसी अन्य बल्लेबाज ने नहीं लगाए हैं। गेल के नाम 463 मैच में सबसे ज्यादा 14, 562 रन हैं और इस दौरान उन्होंने 1,056 छक्के लगाए हैं। गेल ने टी20 क्रिकेट में 22 शतक और 88 अर्धशतक भी लगाए हैं।
