New England ODI Captain: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में इंग्लैंड वनडे टीम ने बेहद खराब प्रदर्शन किया। उनकी टीम टूर्नामेंट में खेले अपने सभी 3 मैच हारकर बाहर हो गई थी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए अंतिम मैच से पहले ही जोस बटलर ने कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स सीमित ओवरों के प्रारूप में अगले कप्तान हो सकते हैं और ईसीबी के निदेशक रॉब की ने कहा कि खुद को एक शानदार स्ट्रैटजिस्ट साबित कर चुके बेहतरीन ऑलराउंडर के नाम पर विचार नहीं करने वाला मूर्ख ही होगा।
गौरतलब है कि बेन स्टोक्स हैमस्ट्रिंग चोट के कारण चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो गए थे। उन्होंने 2023 विश्व कप के बाद से वनडे क्रिकेट नहीं खेली है जब उन्होंने इस प्रारूप से विदा लेने का अपना फैसला वापिस ले लिया था। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड में पुरूष क्रिकेट निदेशक की ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो से कहा, ‘‘बेन स्टोक्स सर्वश्रेष्ठ कप्तानों में से हैं। उसके नाम पर विचार नहीं करने वाला मूर्ख होगा।’’
उन्होंने कहा ,‘‘वह अविश्वसनीय रूप से अच्छा रणनीतिकार है जो हमने टेस्ट क्रिकेट में देखा। वो खिलाड़ियों से बेस्ट प्रदर्शन करा पाता है। वो ऐसा व्यक्ति है जो दबाव के हालात में खिलाड़ियों की ढाल बनकर उन्हें खुद पर भरोसा रखने में मदद करता है।"
स्टोक्स इस समय अबुधाबी में इंग्लैंड लायंस अभ्यास समूह के साथ हैं और भारत के खिलाफ जून से अगस्त तक होने वाली पांच टेस्ट की सीरीज तक फिट हो जायेंगे। इस समय यूएई में मौजूद रॉब का मानना है कि स्टोक्स में वनडे टीम में जोश का संचार करने की क्षमता है जो उसने टेस्ट टीम के साथ किया।
स्टोक्स का कोच ब्रेंडन मैकुलम के साथ भी अच्छा तालमेल है जिससे उनकी दावेदारी को बल मिलता है। वैसे मैकुलम के सीमित ओवरों का प्रभार भी संभालने के बाद से इंग्लैंड ने 11 में से 10 मैच गंवाये हैं। वहीं 2022 से इंग्लैंड ने 35 में से 32 टेस्ट जीते हैं।
बेन स्टोक्स के वनडे क्रिकेट में आंकड़े
बेन स्टोक्स ने अब तक 114 वनडे मैचों की 99 पारियों में 3463 रन बनाए हैं जिसमें उनके नाम 5 शतक और 24 अर्धशतक शामिल हैं। वो 15 बार नॉट-आउट रहे और उन्होंने 41.22 के औसत और 95.68 के स्ट्राइक रेट से वनडे क्रिकेट में रन बनाए हैं। वो इंग्लैंड की वनडे वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा भी थे और 2019 के उस संस्करण में उन्होंने फाइनल में सबसे अहम भूमिका भी निभाई थी। स्टोक्स ने वनडे क्रिकेट में 74 विकेट भी लिए हैं।
