क्रिकेट

Shreyas Iyer Injury Update: बीसीसीआई ने जारी किया श्रेयस अय्यर की फिटनेस पर अपडेट, अस्पताल से मिली छुट्टी

बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के तीसरे वनडे में कैच लेते हुए चोटिल होने वाले श्रेयस अय्यर के बारे में अपडेट जारी किया है।

Image

श्रेयस अय्यर (फोटो क्रेडिट BCCI X)

नई दिल्ली: भारत के वनडे उप-कप्तान श्रेयस अय्यर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में कैच लेने के सफल प्रयास के दौरान तिल्ली और पसलियों में चोट लगने के बाद सिडनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को एक बयान में कहा, ‘‘उनकी (अय्यर) हालत स्थिर है और वह चोट से अच्छी तरह से उबर रहे हैं। सिडनी और भारत के विशेषज्ञों के साथ बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनके स्वास्थ्य लाभ से संतुष्ट है और उन्हें आज अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।'

एलेक्स कैरी का कैच लेने के दौरान लगी थी चोट

इस 30 वर्षीय खिलाड़ी को 25 अक्टूबर को तीसरे वनडे में हर्षित राणा की गेंद पर एलेक्स कैरी का कैच लेने के दौरान बायीं पसलियों के निचले हिस्से और तिल्ली में चोट लग गई थी और आंतरिक रक्तस्राव होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था। वह फिट होने पर भारत लौट आएंगे, लेकिन कम से कम अगले दो महीने तक वह मैदान से बाहर रहेंगे।

फिट होने तक सिडनी में रहेंगे अय्यर

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा,'चोट की तुरंत पहचान कर ली गई और मामूली प्रक्रिया के बाद रक्तस्राव तुरंत बंद कर दिया गया। इसके लिए उनका उचित चिकित्सा प्रबंधन किया गया है। बीसीसीआई सिडनी में डॉ. कौरौश हाघीगी और उनकी टीम के साथ-साथ भारत में डॉ. दिनशॉ पारदीवाला का हार्दिक आभार व्यक्त करता है, जिन्होंने श्रेयस के लिए सर्वश्रेष्ठ उपचार सुनिश्चित किया। श्रेयस आगे की सलाह के लिए सिडनी में ही रहेंगे और उड़ान भरने के लिए फिट होने पर भारत लौट आएंगे।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article