क्रिकेट

घरेलू क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए बीसीसीआई ने उठाया ऐतिहासिक कदम, पुरस्कार राशि की घोषणा की

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने घरेलू क्रिकेट में प्राइज मनी देने की स्कीम का ऐलान किया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से इस बात की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अब घरेलू क्रिकेट में भी प्लेयर ऑफ द मैच दिया जाएगा।

Image

बीसीसीआई सचिव जय शाह (साभार-X)

बीसीसीआई ने घरेलू क्रिकेट में खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। इसकी जानकारी खुद बीसीसीआई सचिव जय शाह ने सोशल मीडिया पर दी। उन्होंने एक्स पर लिखा 'हम अपने घरेलू क्रिकेट कार्यक्रम के तहत सभी महिला और जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट में प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए पुरस्कार राशि शुरू कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, सीनियर पुरुषों के लिए विजय हजारे और सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में प्लेयर ऑफ द मैच के लिए भी पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसका उद्देश्य घरेलू क्रिकेट में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की पहचान करना और पुरस्कृत करना है। इस प्रयास में समर्थन के लिए एपेक्स काउंसिल को हार्दिक धन्यवाद। हम मिलकर अपने क्रिकेटरों के लिए एक बेहतर आर्थिक माहौल तैयार कर रहे हैं। जय हिन्द

यह पहली बार नहीं हुआ है जब जय शाह के कार्यकाल में घरेलू क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। पिछले साल बीसीसीआई ने घरेलू टूर्नामेंटों के लिए पुरस्कार राशि में वृद्धि की थी और रणजी ट्रॉफी विजेता को पांच करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया था। ईरानी कप के लिए नकद पुरस्कार भी दोगुना कर दिया गया था जिसमें विजेताओं को 25 लाख रुपये के बजाय 50 लाख रुपये दिए गए थे और उपविजेता टीम को 25 लाख रुपये दिए गए थे।

दलीप ट्रॉफी में अब चैंपियन को एक करोड़ रुपये और उपविजेता टीम को 50 लाख रुपये मिलते हैं जबकि विजय हजारे ट्रॉफी के विजेताओं को एक करोड़ रुपये और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 50 लाख रुपये मिलते हैं। इसके अलावा खिलाड़ियों का घरेलू क्रिकेट खेलने को अनिवार्य करने का फैसला भी लिया गया था। इससे पहले उन्होंने महिला क्रिकेटरों को पुरुष क्रिकेटरों के बराबर सैलेरी देकर महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article