इंडियन प्रीमियर लीग का 58वां मैच अपने पूर्व तय समय और वेन्यू पर ही खेला जाएगा। पहले ऐसा माना जा रहा था कि घरेलू उड़ानों के बंद होने का प्रभाव आईपीएल टीमों के आवागमन पर पड़ेगा और यह मुकाबला किसी और दिन खेला जाएगा। आईपीएल का 58वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम धर्मशाल में खेला जाएगा। हालांकि, 11 मई को होने वाला मुकाबला किसी और दिन खेला जाएगा। 11 मई को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला जाना था। दोनों टीमें प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है।
दोनों ही टीमों के लिए खास है मुकाबला
पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। दोनों टीमें प्लेऑफ की रेस में बनी हुई हैं। दिल्ली 11 मैच में 6 जीत और 13 अंक के साथ 5वें नंबर पर है जबकि पंजाब किंग्स की टीम 11 मैच में 7 जीत और 15 अंकों के साथ तीसरे पोजिशन पर है। पंजाब की टीम मुकाबला जीतकर प्लेऑफ की जगह पक्की करना चाहेगी तो दिल्ली को इस रेस में बने रहने के लिए मुकाबला जीतना होगा।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद ऐहितियान लिया गया फैसला
पहलगाम में आतंकवादी हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ ठिकानों पर मिसाइल हमले किये। इसके बाद से देश में उत्तर और पश्चिम हिस्सों के कम से कम 18 हवाई अड्डे बंद कर दिये गए हैं जिनमें श्रीनगर, जेह, जम्मू, अमृतसर, पठानकोट, चंडीगढ, जोधपुर, जैसलमेर, शिमला, धर्मशाला और जामनगर शामिल है। इस कारण आईपीएल टीमों के आवागमन में समस्या आई है।
