इंदौर: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम की दो क्रिकेटरों के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना की कड़ी निंदा की और विश्व कप के नॉक आउट चरण से पहले सुरक्षा प्रोटोकॉल पर फिर से विचार करने तथा सुरक्षा को और कड़ा करने का वादा किया। पुलिस ने गुरुवार सुबह शहर के खजराना रोड इलाके में हुई इस घटना में शामिल व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों क्रिकेटर अपने होटल से बाहर निकलीं और एक कैफे की ओर जा रही थीं, तभी मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
रक्षा प्रोटोकॉल पर फिर से विचार करेगा बीसीसीआई
इलाके की सब इंस्पेक्टर निधि रघुवंशी के मुताबिक इस व्यक्ति ने कथित तौर पर उनमें से एक को गलत तरीके से छुआ और भाग गया। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने एक बयान में कहा,'यह बहुत निंदनीय लेकिन इकलौती घटना है। भारत अपने आतिथ्य के लिए मशहूर है। हम ऐसी घटनाओं को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम राज्य पुलिस (मध्य प्रदेश) की तारीफ करते हैं कि उन्होंने दोषी को पकड़ने के लिए तुरंत कार्रवाई की। दोषी को सजा देने के लिए कानून को अपना काम करने दें। हम भरोसा दिलाते हैं कि अगर जरूरत पड़ी तो सुरक्षा को और कड़ा करने के लिए हम अपने सुरक्षा प्रोटोकॉल पर फिर से विचार करेंगे।'
एमपीसीए ने घटना पर व्यक्त किया दुख और नाराजगी
मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) ने आईसीसी महिला वनडे विश्व कप के लिए यहां आई दो ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों का कथित तौर पर पीछा करने और छेड़छाड़ की शर्मनाक घटना पर गहरा दुख और नाराजगी व्यक्त की। एमपीसीए ने एक बयान में कहा,'एमपीसीए इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ियों के साथ हुई गलत हरकत और गलत व्यवहार की परेशान करने वाली घटना से बहुत दुखी है। किसी भी महिला को ऐसा ‘ट्रॉमा’ कभी नहीं सहना चाहिए। इस बुरी घटना से एमपीसीए में हर वो व्यक्ति प्रभावित हुआ है जो महिलाओं का सम्मान करता है। खिलाड़ी इस दर्दनाक अनुभव से उबरकर हिम्मत और पक्के इरादे के साथ शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के साथ मुकाबले में खेल रही हैं, यह देखना सच में प्रेरणा देने वाला है।'
(भाषा)
