BAN vs PAK 1st T2) Highlights: बांग्लादेश ने पाकिस्तान को तीन मैच की घरेलू टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में 7 विकेट के अंतर से मात देकर सीरीज में 1-0 की शुरुआत बढ़त हासिल कर ली है। मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम 19.3 ओवर में 110 रन पर ढेर हो गई।बांग्लादेश की कसी हुई गेंदबाजी का सामना पाकिस्तानी बल्लेबाज नहीं कर सके। सलामी बल्लेबाज फख़र जमां के अलावा और कोई पाकिस्तानी बल्लेबाज पिच पर खड़ा नहीं रह सका। अंत में खुशदिल शाह और अब्बास अफरीदी ने मिलकर टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। इसके बाद जीत के लिए मिले 111 रन के लक्ष्य को बांग्लादेश की टीम ने खराब शुरुआत के बाद भी 15.3 ओवर में 3 विकेट खोकर परवेज हुसैन इमोन की 56 रन की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत हासिल कर लिया।
7 रन पर बांग्लादेश ने गंवा दिए थे दो विकेट
जीत के लिए 111 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी के पहले ही ओवर की पांचवीं गेंद पर सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन सलमान मिर्जा की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने एक रन बनाया। इसके बाद तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर कप्तान लिट्टन दास को भी सलमान मिर्जा ने कैच करा दिया। वो भी एक रन बना सके। 2.2 ओवर में 7 रन पर 2 विकेट बांग्लादेश ने गंवा दिए थे। ऐसे में इमोन ने तौहीद हृदोय के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों टीम को 7.5 ओवर में 50 रन के पार पहुंचाया और तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 36 गेंद में पूरी कर ली।
हृदोय ने खेली 36 रन की पारी, इमोन ने जड़ा अर्धशतक
दोनों ने मोर्चा संभाले रखा लेकिन 80 के स्कोर पर हृदोय अब्बास अली की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 36 रन की पारी खेली। इसके बाद बांग्लादेश ने कोई विकेट नहीं गंवाया। बांग्लादेश ने 13.5 ओवर में 100 रन के आंकड़े को पार कर लिया और इमोन ने अपना अर्धशतक 2 चौके और 5 छक्के की मदद से पूरा किया। इमोन ने जाकेर अली के साथ मिलकर टीम को 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर 7 विकेट से जीत दिला दी। इमोन 39 गेंद में 56 और जाकेर अली 15 (10) रन बनाकर नाबाद रहे। इमोन को उनकी मैच जिताऊ अर्धशतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
110 रन पर ढेर हुई पाकिस्तानी टीम
पाकिस्तान ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.3 ओवर में 110 रन रन बनाकर ढेर हो गई। पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही शुरुआत में ही सैम अयूब 6(4) और मोहम्मद हारिस 4(3) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। सैम अयूब तस्कीन अहमद का और मोहम्मद हारिस मेहदी हसन का शिकार बने। कप्तान आगा सलमान 3 रन बनाकर तंजीम हसन साबिक की गेंद पर लपके गए। इसके बाद मुस्तफिजुर रहमान ने हसन नवाज को खाता खोले बगैर पवेलियन वापस भेज दिया। 41 रन पर 4 विकेट गंवाकर पाकिस्तान की टीम मुश्किल में नजर आने लगी। लेकिन विकेट लगातार गिरते गए। बढ़ते दबाव के बीच फखर जमां भी 44 रन बनाकर रन आउट हो गए। 70 के स्कोर पर पाकिस्तान ने छठा विकेट गंवाया। इसके बाद खुशदिल शाह और अब्बास अफरीदी ने 100 रन के पार पहुंचाया। 103 के स्कोर पर खुशदिल मुस्तफिजुर की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने 17 रन बनाए।
