क्रिकेट

BAN vs NZ Pitch Report: चैंपियंस ट्रॉफी में बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड मैच की पिच रिपोर्ट

BAN vs NZ Pitch Report Today Match In Hindi: आज (24 February 2025) आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच ग्रुप-ए का अहम मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में अगर न्यूजीलैंड जीता तो वो सेमीफाइनल का टिकट कटा सकता है। जबकि बांग्लादेश जीता तो आंकड़ो की पहेली इस ग्रुप में पेचीदा बन सकती है जिसमें पाकिस्तान दो मैच हारकर लगभग बाहर हो चुका है। आज बांग्लादेश-न्यूजीलैंड मैच पाकिस्तान के रावलपिंडी में खेला जाएगा। यहां हम जानेंगे बांग्लादेश और न्यूजीलैंड मैच की पिच रिपोर्ट और रावलपिंडी के मैदान के दिलचस्प आंकड़े।

Image

बांग्लादेश-न्यूजीलैंड मैच की पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025
  • बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच मैच आज
  • रावलपिंडी में खेला जाएगा आज का मुकाबला

BAN vs NZ Pitch Report In Hindi Today Match: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 (ICC Champions Trophy 2025) में आज ग्रुप-ए का अहम मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में बांग्लादेश और न्यूजीलैंड (Bangladesh Vs New Zealand) की टीमें आमने-सामने होंगी। मुकाबला पाकिस्तान के रावलपिंडी (Rawalpindi) में खेला जाना है। न्यूजीलैंड की टीम ने अब तक टूर्नामेंट में एक मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेला है और उस मैच में उन्होंने 60 रनों से जीत दर्ज करके टूर्नामेंट का आगाज किया था। वहीं, बांग्लादेश ने एक मैच भारत के खिलाफ खेला है जहां उन्हें टीम इंडिया के खिलाफ 6 विकेट से हार मिली थी। ऐसे में अगर न्यूजीलैंड की टीम आज जीती तो भारत और न्यूजीलैंड इस ग्रुप से सेमीफाइनल में पहुंच जाएंगे क्योंकि पाकिस्तान और बांग्लादेश को हराकर भारत भी 2 में से दो मैच जीत चुका है। वहीं, अगर बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को हरा दिया तो फिर इन दोनों टीमों के साथ-साथ पाकिस्तान की उम्मीदों को भी आखिरी सहारा मिल जाएगा। आज होने वाले मैच में बांग्लादेश टीम की कमान नजमुल हुसैन शांटो (Najmul Hossain Shanto) के हाथों में होगी। जबकि न्यूजीलैंड टीम की कप्तानी मिशेल सैंटनर (Mitchell Santner) करेंगे। ये रोमांचक मुकाबला भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगा।

आज बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैच से पहले आइए जान लेते हैं इन दोनों टीमों के वनडे क्रिकेट इतिहास में भिड़ंत के आंकड़े कैसे रहे हैं। इन दोनों टीमों के बीच अब तक वनडे क्रिकेट में 45 मुकाबले खेले जा चुके हैं जिसमें न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी रहा है। न्यूजीलैंड ने 33 बार बांग्लादेश को शिकस्त दी है, जबकि बांग्लादेश सिर्फ 11 मैचों में जीत दर्ज कर पाया है। वहीं, एक मैच बेनतीजा रहा था। दोनों टीमें आज न्यूट्रल वेन्यू पर खेलने जा रही हैं। न्यूट्रल वेन्यू के आंकड़े देखें तो दोनों टीमें न्यूट्रल वेन्यू पर अब तक 10 बार आमने-सामने आई हैं जिसमें 8 बार न्यूजीलैंड की टीम को जीत मिली है। वहीं, दो मैच बांग्लादेश ने जीते हैं।

बांग्लादेश-न्यूजीलैंड चैंपियंस ट्रॉफी मैच की पिच रिपोर्ट (BAN vs NZ Pitch Report)

बांग्लादेश क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच आज खेला जाने वाला चैंपियंस ट्रॉफी मैच रावलपिंडी के रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम (Rawalpindi Cricket Stadium) में खेला जाएगा। इस मैदान पर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पहला मैच खेला जाएगा। रावलपिंडी के मैदान पर बल्लेबाजों का दबदबा देखा गया है। यहां पर तेज गेंदबाजों से स्पिनर्स बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं, लेकिन फिर भी बड़े स्कोर की उम्मीद की जा सकती है। इस ग्राउंड का सर्वाधिक वनडे स्कोर 3 विकेट पर 337 रन है जो पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 2023 में बनाया था। उस मैच में पाकिस्तान ने लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दर्ज की थी, जिससे पता चलता है कि यहां की पिच पर बल्लेबाजों के लिए काफी कुछ है। रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर 217 रन है। इस मैदान पर हुए 26 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों में अब तक पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 12 मैच जीते हैं, जबकि बाद में बैटिंग करने वाली टीम को 14 मैचों में जीत मिली है, इसलिए यहां बड़े लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल काम नहीं होने वाला है। यहां टॉस जीतने वाली टीम 15 मैच जीते हैं और टॉस हारने वाली टीम को 11 वनडे मैचों में जीत मिली है।

इस मैच में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी फैंस की नजरें (Players To Watch Out For In BAN vs NZ Match)

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के ग्रुप-ए में बांग्लादेश-न्यूजीलैंड के बीच आज होने वाले मैच में कई खिलाड़ियों पर नजरें टिकी होंगी। बांग्लादेश की उम्मीदें महमुदुल्लाह (Mahmudullah), मेहदी हसन मिराज (Mehidy Hasan Miraz), तस्कीन अहमद (Taskin Ahmed) और मुस्तफिजुर रहमान (Mustafizur Rahman) से होंगी। वहीं न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के फैंस की नजरें ओपनर विल यंग (Will Young), ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स (Glenn Phillips), कप्तान मिशेल सैंटनर, मैट हेनरी (Matt Henry) और तेज गेंदबाज विलियम रो'ओरुर्के (William O'Rourke) पर होंगी।

रावलपिंडी में खेले गए पिछले 5 वनडे मैचों के स्कोरकार्ड और नतीजे (Last 5 ODI Matches Scorecards And Results At Rawalpindi)

तारीख टीमें स्कोरकार्ड नतीजे
30 अक्टूबर 2020पाकिस्तान-जिम्बाब्वेपाकिस्तान- 281/8, जिम्बाब्वे- 255 ऑलआउट (49.4 ओवर)पाकिस्तान 26 रन से जीता
1 नवंबर 2020पाकिस्तान-जिम्बाब्वेजिम्बाब्वे- 206 ऑलआउट, पाकिस्तान- 208/4 (35.2 ओवर)पाकिस्तान 6 विकेट से जीता
3 नवंबर 2020पाकिस्तान-जिम्बाब्वेजिम्बाब्वे- 278/6, पाकिस्तान- 278/9 (स्कोर बराबर हुए)जिम्बाब्वे सुपर ओवर में जीता
27 अप्रैल 2023पाकिस्तान-न्यूजीलैंडन्यूजीलैंड- 288/7, पाकिस्तान- 291/5 (48.3 ओवर)पाकिस्तान 5 विकेट से जीता
29 अप्रैल 2023पाकिस्तान-न्यूजीलैंडन्यूजीलैंड- 336/5, पाकिस्तान- 337/3 (48.2 ओवर)पाकिस्तान 7 विकेट से जीता

बांग्लादेश और न्यूजीलैंड की चैंपियंस ट्रॉफी टीमें (Bangladesh And New Zealand Squads)

बांग्लादेश क्रिकेट टीम: नजमुल हुसैन शान्तो (कप्तान), सौम्या सरकार, तंजीद, हसन, तौहीद हृदोय, मुश्फिकुर रहीम, एमडी महमूद उल्लाह, जाकर अली अनिक, मेहदी हसन मिराज, रिशाद हुसैन, परवेज हुसैन इमोन, नसुम अहमद, तंजीम हसन साकिब, नाहिद राणा, तस्कीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान।

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम: मिशेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, टॉम लैथम, डेरिल मिशेल, विल ओ'रूर्के, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ, केन विलियमसन, विल यंग, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन और मैट हेनरी।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article