पर्थ: पाकिस्तान को गुरुवार को टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-12 राउंड में जिंबाब्वे के हाथों 1 रन की शिकस्त झेलनी पड़ी। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम इस शर्मनाक हार से निराश नजर आए। पाकिस्तान की मौजूदा टूर्नामेंट में यह लगातार दूसरी शिकस्त है। इससे पहले उसे भारत के हाथों चार विकेट से पराजय सहनी पड़ी थी। जिंबाब्वे के हाथों मिली हार के लिए बाबर आजम ने अपनी टीम के बल्लेबाजों को जिम्मेदार ठहराया है।
जिंबाब्वे ने पर्थ में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 130 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 129 रन बना सकी। मैच के बाद बाबर आजम ने कहा, 'मेरी टीम का काफी निराशाजनक प्रदर्शन रहा। हमारी बल्लेबाजी स्तरहीन रही। हमारे शुरूआती छह ओवर काफी खराब रहे। मगर शादाब और शान मसूद ने साझेदारी बनाई। दुर्भाग्यवश शादाब खान आउट हुए और लगातार गिरते विकेटों के कारण बल्लेबाजों पर दबाव बन गया।'
बाबर आजम ने वादा किया कि उनकी टीम अपनी गलतियों से सबक लेगी और टी20 वर्ल्ड कप के आगामी मैचों में दमदार प्रदर्शन करेगी। पाकिस्तान के कप्तान ने कहा, 'पहले छह ओवरों में हमने नई गेंद का अच्छे से उपयोग नहीं किया। बाद में हमने अच्छा फिनिश किया। हम एकसाथ बैठकर अपनी गलतियों से सबक लेंगे और अगले मैच में दमदार वापसी करेंगे।'
पाकिस्तान की हार से पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर भी काफी निराश नजर आए और उन्होंने खिलाड़ियों व टीम प्रबंधन को औसत करार दिया। अख्तर ने कहा, 'बहुत बहुत शर्मनाक। वाकई शर्मनाक। और सिलेक्ट करो औसत लोगों को। और सिलेक्ट करो औसत टीम प्रबंधन और औसत पीसीबी। यह परिणाम निकला। मैं बहुत ज्यादा निराश हूं। जिंबाब्वे के खिलाफ हार के बाद सेमीफाइनल में पहुंचना बहुत मुश्किल है और यह आगे के मैचों के नतीजों पर निर्भर करेगा।'
अख्तर ने कहा, 'मगर आपने अपने आप को इस स्थिति में क्यों डाला? यही वजह है कि मैंने दो महीने पहले एक वीडियो में कहा था- आप औसत खिलाड़ियों को चुनेंगे तो आपको औसत परिणाम मिलेंगे।'
