क्रिकेट

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर हुए बाबर आजम, पाकिस्तान को मिला नया कप्तान

लीड्स में होने वाले पहले टेस्ट से बाबर आजम बाहर हो गए हैं। उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान चोट लग गई थी। ऐसा माना जा रहा था कि वह चोट से वापसी करने में सफल रहेंगे पर ऐसा नहीं हो पाया।

Image

बाबर आजम (साभार-X)

बुधवार से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रहे पहले टेस्ट से बाबर आजम बाहर हो गए हैं। बाबर आजम को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दौरान चोट लग गई थी, बाबर इस चोट से ऊबर चुके थे, लेकिन वॉर्म-अप मैच में उन्हें फिर से चोट लग गई। मंगलवार को टीम के हेड कोच सरफराज अहमद ने कन्फर्म किया कि पहले टेस्ट में टीम बाबर आजम के बिना उतरेगी। बाबर की अनुपस्थिति में टीम की कमान सलमान अली आगा संभालेंगे। टी20 में पाकिस्तान की कमान संभाल चुके आगा पहली बार रेड बॉल क्रिकेट में टीम की कप्तानी करेंगे।

इससे पहले प्रैक्टिस के दौरान बाबर आजम ने कुछ देर तक बैटिंग की थी और टीम मैनेजमेंट की ओर से संकेत दिए गए थे कि उनके खेलने पर फैसला मैच के दौरान लिया जाएगा। बाबर की अनुपस्थिति से पाकिस्तान टीम को बड़ा झटका लगा है। इंग्लैंड के खिलाफ बाबर आजम की औसत सबसे अच्छी रही है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 66.75 की औसत से रन बनाए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने एक शतक और 6 अर्धशतक के दम पर 646 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 136 रन है।

बाबर की अनुपस्थिति से किसकी लॉटरी

बाबर आजम के बाहर जाने से सऊद शकील के लिए प्लेइंग इलेवन का दरवाजा खुल गया। शकील ने वॉर्म-अप मैच में शतकीय पारी खेली थी और प्लेइंग इलेवन में अपनी दावेदारी पक्की कर ली थी। इसके अलावा शान मसूद और अवैश जफर जैसे खिलाड़ी भी प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह पक्की कर सकते हैं। चोट के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में मसूद टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन अब वह वापसी के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

दोनों टीमों के लिए अहम है ये सीरीज

तीन मैच की यह टेस्ट सीरीज दोनों ही टीमों के लिए अहम है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वाइंट्स टेबल की बात करें तो फिलहाल पाकिस्तान की टीम 8वें पोजीशन पर है जबकि मेजबान इंग्लैंड की टीम 7वें नंबर पर है। इस सीरीज में हार-जीत WTC के लिहाज से खास होगा। आज तक दोनों में से कोई भी टीम WTC फाइनल में नहीं पहुंची है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article