क्रिकेट

T20 World Cup: कनाडा के खिलाफ जीत कर भी रह गया मलाल, बाबर ने बताया कहां हुई मुश्किल

T20 World Cup: कनाडा के खिलाफ मुकाबला जीतकर पाकिस्तान ने अपना नेट रन रेट पॉजिटिव तो कर लिया, लेकिन यूएसए की तुलना में वब अब भी पीछे है। मैच के बाद बाबर ने प्रतिक्रिया दी और बताया कि उनकी टीम नेट रन रेट को लेकर क्या सोच रही है।

Image

बाबर आजम, कप्तान पाकिस्तान (साभार-PCB)

T20 World Cup: नासाउ में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने कनाडा को 7 विकेट से हरा दिया। जीत के लिए 107 रन के लक्ष्य को पाकिस्तान ने मोहम्मद रिजवान की नाबाद अर्धशतकीय पारी के दम पर 15 गेंद शेष रहते 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। रिजवान 53 रन बनाकर अंत तक आउट नहीं हुए। उनके अलावा कप्तान बाबर आजम ने 33 रन की पारी खेली। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान की सुपर-8 में जाने की उम्मीद जिंदा है। मैच के बाद बाबर आजम ने कहा कि नेट रन रेट को बेहतर करने की बात उनके दिमाग में थी, लेकिन यहां की पिच ने इसे मुश्किल बना दिया। बाबर ने कहा, ‘‘हमें इस जीत की जरूरत थी। हमने गेंदबाजी में अच्छी शुरूआत की। ’’

NRR पॉजिटिव करने में कामयाब पाकिस्तान

पाकिस्तान को अपना नेट रन रेट पॉजिटिव करने के लिए इस लक्ष्य को 19.1 ओवर में हासिल करने की जरूरत थी और उसने यह लक्ष्य 17.3 ओवर में हासिल कर लिा। उसे अमेरिका (0.626) से ज्यादा नेट रन रेट करने के लिए इसे 13.5 ओवर में हासिल करना था जो वह नहीं कर पाया। पाकिस्तान ने 15 गेंद रहते कनाडा पर जीत हासिल की जिससे अब उसका नेट रन रेट -0.150 से 0.191 हो गया है।

अब भी अमेरिका से पीछे है पाक

पाकिस्तान ने अपना नेट रन रेट भले ही पॉजिटिव कर लिया है, लेकिन अब भी वह अमेरिका से पीछे है और अगले दौर में जगह बनाने के लिए उसे आयरलैंड के खिलाफ 16 जून को होने वाले मैच में जीतने के साथ उम्मीद करनी होगी कि अमेरिका अपने दोनों मैच हार जाए। बुधवार को ही अमेरिका का मुकाबला टीम इंडिया से होगा। इस मैच में पाकिस्तान की टीम भारत की जीत की दुआ मांगेगा।

End of Article