क्रिकेट

PAK vs NEP: बाबर आजम ने कप्तानी शतक के साथ किया एशिया कप में आगाज, तोड़ा अमला और विराट का रिकॉर्ड

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Aug 30, 2023, 06:50 PM IST

Babar Azam 19th ODI Century: पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने एशिया कप 2023 के उद्घाटन मुकाबले में नेपाल के खिलाफ शतक जड़कर टूर्नामेंट में धमाकेदार आगाज किया है।

Image

बाबर आजम( Pakistan Cricket)

Photo : Twitter

मुल्तान: पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने एशिया कप 2023 के उद्घाटन मुकाबले में धमाकेदार शुरुआत नेपाल के खिलाफ शतक के साथ की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने 25 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। फखर जमां 14 और इमाम उल हक 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। ऐसे में बाबर ने एक बार फिर मोहम्मद रिजवान के साथ मोर्चा संभाला और अपनी टीम को मुश्किल से निकालते हुए बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया। पाकिस्तान ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 342 रन का स्कोर खड़ा किया।

खेली 151 रन की आतिशी पारी

बाबर 131 गेंद में 151 रन बनाकर आउट हुए। जब वो पवेलियन लौटे पाकिस्तान का स्कोर 338 रन हो गया था। बाबर ने अपनी आतिशी शतकीय पारी के दौरान 14 चौके और 4 छक्के जड़े। पारी के आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर बाबर सोमपाल की गेंद पर लपके गए। इसके साथ उनकी पारी का अंत हो गया। उन्होंने इफ्तिखार अहमद के साथ पांचवें विकेट के लिए 131 गेंद में 214 रन की साझेदारी की।

बाबर ने जड़ा करियर का 19वां शतक

बाबर ने 109 गेंद में वनडे करियर का 19वां शतक पूरा किया। बाबर वनडे क्रिकेट पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा वनडे शतक जड़ने के सईद अनवर के रिकॉर्ड की बराबरी करने से एक कदम दूर रह गए हैं। सईद अनवर ने 244 पारियों में 20 शतक जड़े थे वहीं बाबर ने 102 पारियों में 19 शतक जड़ दिए हैं।

तोड़ा हाशिम अमला का वर्ल्ड रिकॉर्ड

बाबर आजम ने वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज गति से 19 शतक जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 102 पारियों में 19 शतक जड़कर बाबर दुनिया में सबसे आगे निकल गए हैं। उनसे पहले ये रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला के नाम दर्ज था। हाशिम अमला ने 104 वनडे पारियों में 19 शतक जड़े थे। वहीं विराट कोहली को 19 शतक जड़ने के लिए 124 पारियां खेलनी पड़ी थी।

बतौर कप्तान एशिया कप में सबसे बड़ी पारी

बाबर आजम विराट कोहली को पछाड़कर एशिया कप में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले कप्तान बन गए हैं। विराट कोहली ने बांग्लादेश के खिलाफ साल 2014 में कप्तानी करते हुए 136 रन की पारी खेली थी। बाबर आजम अब उनसे भी आगे निकल गए हैं। वहीं तीसरे पायदान पर काबिज सौरव गांगुली ने साल 2000 में बांग्लादेश के ही खिलाफ 135 रन की नाबाद पारी बतौर कप्तान खेली थी।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article