क्रिकेट

India ODI Squad Update: नीतीश नहीं, बीसीसीआई ने इस युवा खिलाड़ी को चुना वाशिंगटन सुंदर का रिप्लेसमेंट

ऋषभ पंत के बाद अब टीम इंडिया को एक और झटका लगा है। दरअसल ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर पहले वनडे मैच में फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए थे और अब वह बाकी बचे दो मैच से बाहर हो गए हैं।

Image

वाशिंगटन सुंदर (साभार-BCCI)

भारतीय ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर वडोदरा में खेले गए पहले एक-दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में पसली में चोट लगने के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला से बाहर हो गए हैं। अब बीसीसीआई ने उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। सेलेक्शन कमेटी ने आयुष बडोनी को रिप्लेसमेंट के तौर पर चुना है जो राजकोट वनडे से पहले टीम इंडिया से जुड़ जाएंगे। बडोनी को पहली बार टीम इंडिया स्क्वॉड में जगह मिली है। यूपी से खेलने वाले बडोनी आईपीएल में अपना नाम बना चुके हैं। 56 आईपीएल मैच में वह अब तक 963 रन बना चुके हैं। बडोनी को रिप्लेसमेंट के तौर पर चुन तो लिया गया है, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल होने का मौका मिलेगा या नहीं यह कहना मुश्किल है। सुंदर की जगह टीम में नीतीश कुमार रेड्डी का खेलना तय माना जा रहा है।

पहले वनडे में सुंदर का प्रदर्शन

26 वर्षीय वाशिंगटन सुंदर ने पहले वनडे में पांच ओवर में 27 रन दिए थे और न्यूजीलैंड की पारी के बीच में ही मैदान से बाहर चले गए थे। इसके बाद वह क्षेत्ररक्षण के लिए मैदान पर नहीं उतरे। वह बाद में आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए। भारत ने यह मैच चार विकेट से जीता।

वाशिंगटन भारतीय स्क्वॉड में चोटिल होने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पिछले हफ्ते साइड स्ट्रेन के कारण मौजूदा श्रृंखला से बाहर हो गए थे, जबकि तिलक वर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए उपलब्ध नहीं हैं क्योंकि उन्हें ग्रोइन की चोट के लिए सर्जरी करवानी पड़ी थी।

भारत का अपडेटेड स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), रवींद्र जड़ेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), आयुष बडोनी

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article