क्रिकेट

'मैंने अपने पार्टनर को मिस किया', प्लेऑफ की रेस पर अक्षर पटेल ने दिया बड़ा बयान, कहा- अब हमारे पास...

दिल्ली कैपिटल्स को होम ग्राउंड पर एक फिर निराशा हाथ लगी। आईपीएल 2026 के 48वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। मैच हारने के बाद अक्षर पटेल ने प्लेऑफ को लेकर बड़ा बयान दिया। साथ अक्षर ने कहा कि उन्होंने अपने पार्टनर को बहुत मिस किया।

Image

चेन्नई के खिलाफ मैच के दौरान अक्षर पटेलः फोटो- AP

आईपीएल 2026 के 48वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से हुआ। एकतरफा मुकाबले में चेन्नई ने दिल्ली को 8 विकेट से मात दी। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 157 रन बोर्ड पर लगाए थे। चेन्नई ने संजू के नाबाद 87 और कार्तिक के नाबाद 41 रन की बदौलत 17.2 ओवर में टारगेट हासिल कर लिया।

इस जीत के बाद चेन्नई के 10 प्वाइंट्स हो गए हैं और वह छठे स्थान पर हैं। वहीं, दिल्ली की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद को झटका लगा है। मैच के बाद अक्षर पटेल ने प्लेऑफ रेस पर बोल्ड जवाब दिया। साथ ही अपने ऑन फील्ड पार्टनर को मिस करने की बात कही।

'हम 8 बल्लेबाजों के साथ खेल रहे थे'

अक्षर ने कहा, जाहिर है, पहली पारी में विकेट जिस तरह खेल रहा था, मुझे लगा कि हां, 155 का स्कोर अच्छा था। लेकिन हम आठ बल्लेबाजों के साथ खेल रहे थे, मुझे लगा कि हम लगभग 10-15 रन कम रह गए। मुझे लगता है कि पिच थोड़ी बेहतर हुई, लेकिन मुझे लगता है कि सारा फर्क सेट हुए बल्लेबाज ने डाला। जब बल्लेबाज अच्छी तरह से सेट हो जाता है, तो ऐसा लगता है कि पिच में कुछ भी नहीं है, लेकिन मुझे फिर भी लगता है कि पिच में कुछ तो था। नए बल्लेबाज के लिए आना आसान नहीं था।

'यह आसान लग रहा था'

अक्षर पटेल ने आगे कहा, हां, नए खिलाड़ियों के लिए आसान नहीं था क्योंकि, आप जानते हैं, लेंथ बॉल रुक रही थीं, कभी नीची रह रही थीं और कभी-कभी रुकने के बाद उछल भी रही थीं। इसलिए मुझे लगता है कि नए बल्लेबाजों के लिए यह बहुत मुश्किल था। लेकिन जब सेट हुए बल्लेबाज खेल रहे थे, तो यह आसान लग रहा था। आप देख सकते हैं कि संजू ने किस तरह से खेल को आगे बढ़ाया। हालांकि पांच विकेट गिरने के बाद हमने जिस तरह की बैटिंग की, वह एक पॉजिटिव है। हमारे बैटिंग ऑर्डर में गहराई है।

'पार्टनर को मिस किया'

बापू ने कहा, गेंदबाजी में मैंने अपने पार्टनर कुलदीप को मिस किया। हां, जाहिर है, अब हम कोई गलती नहीं कर सकते। इसलिए हमें स्पष्ट मानसिकता के साथ मैदान में उतरना होगा कि हमें चाहे जितना भी समय या मौका मिले, हमें जीत हासिल करनी ही है।

कुलदीप को नहीं मिला विकेट

मैच में बल्लेबाजी करते हुए अक्षर पटेल 2 रन ही बना सके। वहीं, गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 25 रन देकर एक विकेट चटकाए। वहीं, कुलदीप ने तीन ओवर में 34 रन खर्च किए। कुलदीप को कोई विकेट नहीं मिली। संजू सैमसन ने कुलदीप को आड़े हाथ लिया और उन पर खूब रन बटोरे।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article