क्रिकेट

ऑस्ट्रेलिया ने पहले टेस्ट पर कसा शिकंजा, पहली पारी में 295 पर ढेर हुआ वेस्टइंडीज

  • Authored by: नवीन चौहानWritten by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 2, 2022, 04:42 PM IST

ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पर्थ में खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट के तीसरे दिन अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। मेजबान टीम के पास अबतक कुल 344 रन की बढ़त हो चुकी है।

Image

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम( साभार AP)

पर्थ: मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पर्थ में खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। मैच के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने 598/4 रन पर अपनी पारी घोषित कर दी थी। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम तीसरे दिन अपनी पहली पारी में 283 रन बनाकर ढेर हो गई। पहली पारी में 315 रन की बढ़त हासिल करने के बाद दोबारा बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने दिन का खेल खत्म होने तक 11 ओवर में 1 विकेट पर 29 रन बना लिए हैं। उसके पास 344 रन की बढ़त हो गई है। मार्नस लाबुशेन 3 और डेविड वॉर्नर 18 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे हैं।

तेगनरेन ने जड़ा डेब्यू टेस्ट में अर्धशतक

तीसरे दिन 74/0 के स्कोर से आगे खेलने उतरी वेस्टइंडीज की टीम को पहला झटका तेगनरेन चंद्रपॉल के रूप में लगा। डेब्यू टेस्ट में अर्धशतक जड़ने के बाद चंद्रपॉल हेजलवुड की गेंद पर वॉर्नर के हाथों लपके गए। उन्होंने 79 गेंद में 51 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 7 चौके और एक छक्का जड़ा। उनके आउट होने के कुछ देर बाद एन बोनर रिटायर्ड हर्ट हो गए। उन्होंने 47 गेंद में 16 रन बनाए। उस वक्त विंडीज का स्कोर 1 विकेट पर 106 रन था।

283 रन पर ढेर हुआ विंडीज

इसके बाद कप्तान क्रेग ब्रेथवेट ने जर्मेन ब्लैकवुड के साथ मोर्चा संभाला। दोनों ने टीम को 159 रन के स्कोर तक पहुंचाया। ऐसे में कप्तान पैट कमिंस ने विंडीज के कप्तान को बोल्ड करके पवेलियन वापस भेज दिया। उन्होंने 64 रन बनाए। इसके बाद विंडीज के खिलाड़ियों ने छोटी-छोटी साझेदारियां करके टीम को संभालने की नाकाम कोशिश की। बल्लेबाज तू चल मैं आया वाली कहावत को चरितार्थ कर रहे थे। पूरी टीम 98.2 ओवर में 283 रन बनाकर ढेर हो गई। मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे। दोनों ने 3-3 विकेट अपने नाम किए। दो विकेट नाथन लॉयन के खाते में गए। वहीं एक-एक सफलता जोश हेजलवुड और कैमरून ग्रीन को मिला।

ऑस्ट्रेलिया ने नहीं दिया फॉलोऑन

पहली पारी में 315 रन की बढ़त हासिल करने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने विंडीज को फॉलोऑन नहीं देने का फैसला किया और दोबारा बल्लेबाजी करने उतरा। पहली पारी में अर्धशतक जड़ने वाले उस्मान ख्वाजा केमार रोच की गेंद पर विकेट के पीछे डिसिल्वा के हाथों लपके गए। उन्होंने 5 रन बनाए। ख्वाजा के आउट होने के बाद डेविड वॉर्नर और पहली पारी में दोहरा शतक जड़ने वाले मार्नस लाबुशेन ने और कोई विकेट नहीं गिरने दिया। दिन का खेल खत्म होते तक ऑस्ट्रेलिया ने 1 विकेट खोकर 29 रन बना लिए हैं। वॉर्नर 16 और लाबुशेन 3 रन बनाकर नाबाद हैं। ऑस्ट्रेलिया के पास कुल बढ़त 344 रन की हो गई है।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article