Ind vs Aus 4th Test Day 2 Highlight: अहमदाबाद टेस्ट के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। पहली पारी में 480 रन के जवाब में भारत ने दूसरे दिन के खेल खत्म होने तक बिना किसी नुकसान के 36 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया अब भी ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी की तुलना में 444 रन पीछे है। रोहित शर्मा 17 और शुभमन गिल 18 रन बनाकर नाबाद हैं।
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 480 पर सिमटी
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने उस्मान ख्वाजा और कैमरॉन ग्रीन के बीच 5वें विकेट के लिए हुए 207 रन की साझेदारी के दम पर पहली पारी में 480 रन बनाए। उस्मान ख्वाजा ने 180 रन की पारी खेली तो कैमरॉन ग्रीन ने भी अपने करियर का पहला शतक जड़ा। ग्रीन ने 114 रन की पारी खेली जो टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वाधिक स्कोर है। इन दोनों के अलावा टॉड मर्फी ने 41 रन की पारी खेली।
पुछल्ले बल्लेबाज फिर बने बाधा
अहमदाबाद टेस्ट में एक बार फिर से भारतीय गेंदबाजी के सामने पुछल्ले बल्लेबाज बड़ी बाधा बनकर सामने आए। ख्वाजा और ग्रीन के आउट होने के बाद लगा कि टीम इंडिया मैच में वापसी कर लेगी, लेकिन टॉड मर्फी और नाथन लॉयन ने 9वें विकेट के लिए 70 रन जोड़े और ऑस्ट्रेलिया के स्कोर को 500 के करीब पहुंचा दिया।अश्विन ने हासिल किए 6 विकेट
भारत की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन रहे। उन्होंने ही भारत को दूसरे सेशन में कैमरॉन ग्रीन को आउट कर भारत को 5वीं सफलता दिलाई। इसी ओवर में उन्होंने एलेक्स कैरी को भी शून्य के स्कोर पर पवेलियन भेजा। अश्विन ने 47.2 ओवर की गेंदबाजी में 91 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। अश्विन अब बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में नाथन लॉयन की बराबरी कर ली है। उन्होंने 22 मैच के 41 इनिंग में यह कारनामा हासिल किया। अश्विन के अलावा मोहम्मद शमी ने 2 जबकि रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल ने 1-1 विकेट हासिल कर लिया।
