क्रिकेट

कंगारुओं के खिलाफ हार के साथ छिना टीम इंडिया से ताज, ऑस्ट्रेलिया बनी वनडे की नंबर वन टीम

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 23, 2023, 12:02 AM IST

टीम इंडिया के चेन्नई में खेले गए सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे में 21 रन से मात देकर ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सीरीज पर कब्जा कर लिया और दुनिया की नंबर वन वनडे टीम भी बन गई।

Image

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम

Photo : AP

चेन्नई: स्टीव स्मिथ की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने बुधवार को चेन्नई के चेपक स्टेडियम में खेले गए सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया को 21 रन के अंतर से मात देकर सीरीज पर 2-1 से कब्जा कर लिया। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारतीय सरजमीं पर टेस्ट के बाद वनडे फॉर्मेट में भी दुनिया की नंबर वन टीम बनकर दौरे का अंत किया।

वनडे में नंबर वन बना ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया के खाते में चेन्नई वनडे में जीत के बाद 113 अंक हो गए हैं। भारतीय टीम के खाते में भी इतने ही अंक हैं लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने 35 मैच में ये अंक हासिल किए हैं जबकि टीम इंडिया ने इसके लिए 47 मैच खेले हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बाद न्यूजीलैंड की टीम 29 मैच में 111 अंक के साथ तीसरे पायदान पर काबिज है। वहीं चौथे पायदान पर 36 मैच में 111 अंक के साथ विश्व चैंपियन इंग्लैंड की टीम है। पाकिस्तान की टीम 106 अंक के साथ पांचवें नंबर पर है।

टेस्ट रैंकिंग में भी है पहले पायदान पर

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम टेस्ट फॉर्मेट में भी टीम इंडिया को पीछे छोड़कर एक बार फिर नंबर वन टेस्ट टीम बन गई थी। टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया 122 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ पहले नंबर पर है। वहीं टीम इंडिया 119 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ दूसरे और इंग्लैंड की टीम 106 अंक के साथ तीसरे नंबर पर काबिज है।

टी20 फॉर्मेट में नंबर वन है भारत

भारतीय टीम हालांकि टी20 फॉर्मेट में 267 अंक के साथ दुनिया की नंबर वन टीम बनी हुई है। वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड 261 अंक के साथ दूसरे और पाकिस्तान की टीम 258 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article