AUS vs WI 1st T20I Highlights: ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को जमैका में खेले गए पहले टी20 मैच में तीन विकेट से हराकर 5 मैच की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 190 रन का लक्ष्य था जिसे उसने मिचेल ओवेन और कैमरीन ग्रीन के धमाकेदार पारी से 7 विकेट खोकर 7 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए एक वक्त ऑस्ट्रेलिया की टीम 78 के स्कोर पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में नजर आ रही थी।
लेकिन कैमरून ग्रीन ने मिचेल ओवन के साथ पांचवें विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिला दी। कैमरून ग्रीन 26 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में पांच छक्के और दो चौके शामिल थे। वहीं, मिचेल ओवन 27 गेंदों में छह छक्कों की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' के खिताब से नवाजा गया।
मेजबान टीम की ओर से जेसन होल्डर, अल्जारी जोसेफ और गुडाकेश मोती ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। इनके अलावा अकील हुसैन ने एक सफलता हासिल की।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने आठ विकेट खोकर 189 रन बनाए। टीम 32 के स्कोर पर ब्रैंडन किंग का विकेट गंवा चुकी थी। यहां से कप्तान शाई होप ने रोस्टन चेज के साथ दूसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। रोस्टन चेज 32 गेंदों में दो छक्कों और नौ चौकों के साथ 60 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शाई होप ने 39 गेंदों में तीन छक्कों और चार चौकों के साथ 55 रन टीम के खाते में जोड़े। इनके अलावा शिमरोन हेटमायर ने 38 रन जुटाए। विपक्षी टीम की ओर से बेन ड्वारशुइस ने सर्वाधिक चार विकेट अपने नाम किए। सीरीज का अगला मैच जमैका में 23 जुलाई को खेला जाना है। ऑस्ट्रेलियाई टीम इससे पहले तीन टेस्ट मुकाबलों की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर चुकी है।
