क्रिकेट

BAN vs AUS 2nd T20I Highlights: ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को रोमांचक मुकाबले में पटखनी देकर जीती सीरीज, मैट रेनशॉ ने मचाया धमाल

Bangladesh vs Australia 2nd T20 Highlights: ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को चटगांव में खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में 7 रन के करीबी अंतर से पटखनी देकर तीन मैच की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली है। ऐसा रहा सीरीज के दूसरे टी20 के पल पल का रोमांच और हाल?

Image

ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश

Photo : AP

चटगांव (बांग्लादेश): मैट रेनशॉ की करियर की सर्वश्रेष्ठ नाबाद 89 रन की पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को चटगांव में खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 मैच में बांग्लादेश को सात रन से हराकर श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच रविवार को यहीं खेला जाएगा। रेनशॉ ने ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट पर 196 रन के स्कोर तक पहुंचाया जो बांग्लादेश के खिलाफ उसका सबसे बड़ा टी20 स्कोर भी है। इसके बाद उन्होंने गेंदबाज़ी करते हुए 13 रन देकर एक विकेट भी लिया। पहला मैच चार विकेट से हारने वाली बांग्लादेश की टीम लक्ष्य के करीब पहुंचकर हार गई, उसने छह विकेट पर 189 रन बनाए। आरोन हार्डी ने चार ओवर में 40 रन देकर दो विकेट लिए।

ऑस्ट्रेलिया ने बनाए 5 विकेट पर 196 रन

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श (20 रन) ने टॉस जीतने के बाद जोश इंग्लिस (11 रन) के साथ मिलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

इंग्लिस आउट होने वाले पहले बल्लेबाज रहे। अपने दूसरे टी20 मैच में खेल रहे तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने मार्श को आउट किया जिससे छठे ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 44 रन हो गया। रेनशॉ और टिम डेविड ने चौथे विकेट के लिए 50 गेंद में 97 रन जोड़े। डेविड ने 26 गेंद में 45 रन बनाए जिसमें दो चौके और चार छक्के जड़े थे। लेकिन वह अब्दुल गफ्फार की धीमी गेंद पर आउट हो गए। रेनशॉ ने अपनी 52 गेंद की पारी में चार चौके और पांच छक्के लगाए। उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर टीम को 200 रन के करीब पहुंचाया।

जीत के करीब पहुंचकर बांग्लादेश ने गंवाया मैच

बांग्लादेश ने छह ओवर में एक विकेट पर 72 रन बनाए जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसका पावरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर था। तंजीद हसन (15 गेंद में 30 रन) ने आक्रामक शुरुआत की। लेकिन रेनशॉ ने तंजीद का रिटर्न कैच लेकर टीम को पहली सफलता दिलाई। सैफ हसन ने 33 गेंद में 42 रन बनाए। लेकिन ऑस्ट्रेलिया के स्पिनरों ने बीच के ओवरों में रन-गति पर लगाम लगाए रखी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article