क्रिकेट

AUS vs PAK: डेविड वॉर्नर ने जड़ा 26वां टेस्ट शतक, पाकिस्तानी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाईं

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Dec 14, 2023, 04:23 PM IST

AUS vs PAK 1st Test, David Warner scores 26th Test Century: पाकिस्तान और मेजबान ऑस्ट्रेलिया के बीच दुनिया की सबसे तेज विकेट माने जाने वाले पर्थ (वाका) के मैदान पर आज टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला शुरू हुआ। मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया पहले बल्लेबाजी करने उतरा और अपनी विदाई सीरीज खेल रहे डेविड वॉर्नर ने 26वां टेस्ट शतक जड़ दिया।

Image

डेविड वॉर्नर ने जड़ा 26वां टेस्ट शतक (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • ऑस्ट्रेलिया-पाकिस्तान पहला टेस्ट मैच
  • पर्थ टेस्ट में डेविड वॉर्नर ने जड़ा शतक
  • वॉर्नर ने अपनी विदाई सीरीज में जड़ा 26वां टेस्ट शतक

AUS vs PAK 1st Test Live Updates: ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच पर्थ में आज से शुरू हुए टेस्ट सीरीज के पहले मैच में मेजबान ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से उसकी सलामी जोड़ी ने मेहमान पाकिस्तानी टीम के गेंदबाजों की जमकर परीक्षा ली। डेविड वॉर्नर (David Warner) और उस्मान ख्वाजा (Usman Khawaja) के बीच पहले विकेट के लिए 126 रनों की साझेदारी हुई, जिसके बाद डेविड वॉर्नर ने कमाल कर दिखाया। अपनी विदाई टेस्ट सीरीज खेल रहे डेविड वॉर्नर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच के पहले ही दिन बेहतरीन शतक जड़ दिया। ये उनके टेस्ट करियर का 26वां शतक है।

गौरतलब है कि डेविड वॉर्नर ने पहले ही ऐलान किया हुआ है कि पाकिस्तान के खिलाफ सिडनी में होने वाला टेस्ट मैच उनके टेस्ट करियर का अंतिम मुकाबला होगा। ऐसे में अपनी विदाई सीरीज की शुरुआत वॉर्नर ने जोरदार अंदाज में की और लंच के बाद रफ्तार बढ़ाते हुए 125 गेंदों में अपना 26वां टेस्ट शतक पूरा कर लिया। इसके बाद भी वो थमे नहीं और 150 रन का आंकड़ा पार किया। ऐसा लगा कि आज वो दोहरा शतक जड़ देंगे लेकिन आमिर जमाल की गेंद पर वो 164 रन बनाकर इमाम उल हक के हाथों कैच आउट हो गए। वॉर्नर ने अपनी पारी में 211 गेंदों का सामना किया, जिस दौरान उनके बल्ले से 16 चौके और 4 छक्के निकले।

लंच से पहले तक ओपनर डेविड वॉर्नर ने सीमित ओवरों के क्रिकेट की तरह बल्लेबाजी करते हुए 67 गेंद में नाबाद 72 रन बनाये जिससे ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज के शुरूआती मैच के पहले सत्र में बिना विकेट गंवाये 117 रन बना डाले थे। बांह पर काली पट्टी बांधकर खेल रहे उस्मान ख्वाजा ने एक जीवनदान मिलने के बाद लंच तक नाबाद 37 रन बना लिये लेकिन लंच के बाद 41 रन के स्कोर पर उनको शाहीन अफरीदी ने आउट कर दिया।

इससे पहले, आस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया जिसके बाद सलामी जोड़ी ने पहले ओवर में पाकिस्तान के मुख्य तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी पर 14 रन जुटाये। आस्ट्रेलियाई टीम पिछले महीने भारत में क्रिकेट विश्व कप जीतने के बाद खेल रही है और टीम ने साल के शुरू में विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल भी जीता था।

पाकिस्तान ने 1995 के बाद से आस्ट्रेलिया में टेस्ट मैच नहीं जीता है। मेजबान टीम ने 10वें ओवर में 50 रन पार कर दिये थे जबकि वॉर्नर ने फहीम अशरफ पर बाउंड्री लगाकर 41 गेंद में 50 रन पूरे किये।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article