कोलंबो: कड़ा आलोचनाओं के बीच भारतीय टीम में चोट से उबरकर वापसी करने वाले केएल राहुल ने आलोचकों को करारा जवाब दिया है। पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2023 के सुपर फोर मुकाबले में श्रेयस अय्यर के चोटिल होने की वजह से राहुल के एकादश में शामिल होने का मौका मिला। हाथ आए इस मौके को राहुल ने खाली नहीं जाने दिया।
60 गेंद में पूरा किया अर्धशतक
रविवार को 17 रन बनाकर नाबाद रहे राहुल ने रिजर्व डे पर अपनी पारी को आगे बढ़ाते हुए अपना क्लास दिखाया और 60 गेंद में 5 चौके और एक छक्के की मदद से करियर का 14वां अर्धशतक पूरा कर लिया। तकरीबन 6 महीन बाद टीम इंडिया में वापसी करते हुए राहुल के लिए ऐसी पारी खेलना बहुत जरूरी थी। उन्हें विश्व कप की टीम में शामिल करने का जोखिम टीम मैनेजमेंट और चयनसमिति ने उठाया है। खुद को साबित करने का उनके पास आखिरी मौका है अगर वो इस बार कसौटी पर खरे नहीं उतरते हैं तो उनका अंतरराष्ट्रीय करियर खतरे में पड़ जाएगा। ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ दबाव वाले मुकाबले में उन्हें अपना लोगा फिर मनवाया है।
विराट के साथ की शतकीय साझेदारी
रोहित शर्मा और शुभमन गिल के जल्दी जल्दी आउट के बाद मैदान पर उतरे विराट कोहली और राहुल ने तीसरे विकेट के लिए 101 गेंद पर शतकीय साझेदारी पूरी कर ली। इस साझेदारी में राहुल ने 62 और विराट ने 37 रन का योगदान दिया। जिसमें एक रन अतिरिक्त का रहा। इससे इस बात का अंदाज लगाया जा सकता है कि राहुल कितने बेहतरीन फॉर्म में हैं।
मध्यक्रम में शानदार है रिकॉर्ड, फिर मनवाया लोहा
केएल राहुल का भारत के लिए मध्यक्रम में रिकॉर्ड बेहद शानदार है। उसी को देखते हुए उन्हें विश्व कप के लिए भी टीम में जगह दी गई है। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले राहुल ने मध्यक्रम में नंबर चार से नंबर 6 पर बल्लेबाजी करते हुए 26 मैच में 51.23 के औसत और 98 के स्ट्राइक रेट से 871 रन बनाए थे। पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक जड़कर राहुल ने इन रनों में इजाफा कर लिया है।
