क्रिकेट

Ashes 2025: स्टीव स्मिथ ने कहा ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शतक नहीं जड़ पाएगा इंग्लैंड का ये धाकड़ बल्लेबाज

साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया में खेली जाने वाले एशेज सीरीज के लिए पूर्व कंगारू कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने हुंकार भरते हुए कहा है कि इंग्लैंड के बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं होगी सीरीज। शानदार फॉर्म में चल रहे जो रूट एशेज सीरीज में एक भी शतक नहीं जड़ पाएंगे।

Image

स्टीव स्मिथ (फोटो क्रेडिट AP)

नई दिल्ली: इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का इंतजार क्रिकेट फैंस को बेसब्री से रहता है। एशेज 2025-26 की शुरुआत 21 नवंबर से हो रही है। सीरीज की शुरुआत से पहले ही दोनों टीमों की तरफ से बयानबाजी शुरू हो गई है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने कहा है कि इंग्लैंड के लिए ऑस्ट्रेलिया में खेलना आसान नहीं होगा। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी आक्रमण को झेलना उनके लिए मुश्किल होगा।

ऑस्ट्रेलिया गेंदबाजों का सामना करना होगी इंग्लैंड के लिए बड़ी चुनौती

स्काई स्पोर्ट्स से बात करते हुए स्मिथ ने कहा,'मैंने भारत-इंग्लैंड के बीच हाल में संपन्न टेस्ट सीरीज देखी है। लंबे समय बाद बेहतरीन टेस्ट सीरीज देखने को मिली। दोनों टीमों ने बेहतरीन क्रिकेट खेला। इस समय इंग्लैंड की टीम अच्छी है। वे काफी आक्रामक क्रिकेट खेल रहे हैं। लेकिन, ऑस्ट्रेलिया में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को खेलना इंग्लैंड के लिए बड़ी चुनौती होगी'। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने कहा,'हमारी टीम में अनुभवी गेंदबाज शामिल हैं, जो लंबे समय से खेल रहे हैं और सफल रहे हैं। इसलिए मैं गर्मियों का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। मुझे लगता है कि यह एक शानदार सीरीज होने वाली है। हमें दोनों तरफ से आक्रामक दर्शकों के सामने खेलना पसंद है। इसलिए यह सीरीज रोमांचक होने वाली है।'

ऑस्ट्रेलिया दौर पर शतक नहीं बना पाएंगे जो रूट

स्मिथ ने इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट की तारीफ करते हुए कहा,'पिछले दो साल में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। वह बड़े स्कोर बना रहे हैं। लेकिन, मुझे उम्मीद है कि वह आगामी सीरीज में शतक नहीं बना पाएंगे।'जो रूट टेस्ट फॉर्मेट में प्रचंड फॉर्म में चल रहे हैं। वह 13,543 रन बना चुके हैं और सर्वाधिक रनों का रिकॉर्ड रखने वाले सचिन तेंदुलकर से 2,378 रन दूर हैं। टेस्ट में 39 शतक लगा चुके रूट ऑस्ट्रेलिया में एक भी शतक नहीं लगा पाए हैं।

हमने चार साल में किया है टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन

स्मिथ ने कहा कि हमने पिछले चार साल में टेस्ट क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है और दो बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई। ऑस्ट्रेलिया में परिस्थितियां हमारे अनुकूल होंगी और हम इंग्लैंड पर भारी पड़ेंगे। स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया के मिडिल ऑर्डर की ताकत हैं। इंग्लैंड के खिलाफ 37 टेस्ट में 12 शतक लगाते हुए स्मिथ ने 3,417 रन बनाए हैं। वह 119 टेस्ट की 212 पारियों में 36 शतक और 43 अर्धशतक की मदद से 10,477 रन बना चुके हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 239 है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article