क्रिकेट

T20 World Cup 2024: अर्शदीप सिंह ने रचा इतिहास, बने टी20 विश्व कप में ये धमाल करने वाले पहले भारतीय

भारतीय क्रिकेट टीम के बांए हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अमेरिका के खिलाफ टी20 विश्व कप में वो कारनामा कर दिखाया जो और कोई भारतीय गेंदबाज नहीं कर पाया।

Image

अर्शदीप सिंह

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • अर्शदीप सिंह ने अमेरिका के खिलाफ दिलाई धमाकेदार शुरुआत
  • पहले ही ओवर में चटकाए 2 विकेट
  • मैच की पहली ही गेंद पर किया सायन जहांगीर का शिकार

न्यूयॉर्क: भारत के बांए हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अमेरिका के खिलाफ न्यूयॉर्क में टी20 विश्व कप के बुधवार को खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने पारी की पहली ही गेंद पर अमेरिका के सलामी बल्लेबाज सायन जहांगीर को चलता कर दिया। अर्शदीप ने शानदार इनस्विंग गेंद पर सायन जहांगीर को एलबीडब्लू करके चलता कर दिया। गेंद इतनी सटीक थी कि बल्लेबाज ने फील्ड अंपायर के फैसले को रिव्यू भी नहीं किया।

विश्वकप मैच की पहली गेंद पर विकेट चटकाने वाले पहले भारतीय

पहली गेंद पर विकेट चटकाकर अर्शदीप ने अपना नाम टी20 विश्व कप की रिकॉर्ड बुक्स में दर्ज करा लिया। अर्शदीप टी20 विश्व कप के मैच में पहली ही गेंद पर विकेट चटकाने वाले पहले भारतीय और दुनिया के चौथे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले बांग्लादेश के मशरफे मुर्तजा(2014), अफगानिस्तान के शपूर जादरान(2014), आयरलैंड के रुबेन ट्रुपेलमैन( 2021 और 2014) ये उपलब्धि हासिल कर सके थे। इस स्पेशल क्लब में अब अर्शदीप की एंट्री हो गई है।

पहले ओवर में अर्शदीप ने किए 2 शिकार

अर्शदीप सिंह यहीं नहीं रुके उन्होंने अपने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर विकेटकीपर बल्लेबाज एंड्रीस गॉस को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए अमेरिका को पहले ही ओवर में 3 रन पर 2 विकेट चटकाकर बैकफुट पर धकेल दिया।

टी20 में पहली गेंद पर विकेट चटकाने वाले तीसरे भारतीय

अर्शदीप अंतरराष्ट्रीय टी20 में मैच की पहली गेंद पर विकेट चटकाने वाले तीसरे भारतीय बने हैं। भुवनेश्वर कुमार ऐसा करने वाले पहले भारतीय हैं। उन्होंने साल 2022 में तीन बार ये कारनामा किया था। उन्होंने श्रीलंका के पथुम निशंका, इंग्लैंड के जेसन रॉय और जिंबाब्वे के मधेवीरा को मैच की पहली ही गेंद पर चलता किया था। वहीं हार्दिक पांड्या ने साल 2023 में वेस्टइंडीज के ब्रैंडन किंग को पहली ही गेंद पर चलता किया था। अब अर्शदीप ने सायन जहांगीर को पहली ही गेंद पर आउट करके अपना नाम भारतीय गेंदबाजों के स्पेशल क्लब में दर्ज करा लिया।

पॉवरप्ले में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी

अर्शदीप सिंह ने टी20 विश्व कप में भारत के लिए सबसे कंजूसी से गेंदबाजी करने का रिकॉर्ड भी कायम किया। इस मामले में उन्होंने रविचंद्रन अश्विन के साथ अपने साझा रिकॉर्ड को तोड़ दिया। अर्शदीप ने बुधवार को अमेरिका के खिलाफ पॉवरप्ले में 4 रन देकर 2 विकेट लिए। इससे पहले अर्शदीप ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ साल 2022 में 8 रन देकर 2 विकेट लिए थे। वहीं अश्विन ने साल 2014 में रविचंद्रन अश्विन ने बांग्लादेश के खिलाफ पॉवरप्ले में 8 रन देकर 2 विकेट लिए थे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article