क्रिकेट

MI vs LSG: फिर छाप छोड़ने में नाकाम रहे अर्जुन तेंदुलकर, गेंदबाजी करते हुए हो गए चोटिल

सचिन तेंदुलकर को आईपीएल 2024 के आखिरी मुकाबले में पहली बार सीजन में खेलने का मौका मिला और वो अपनी छाप लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ छोड़ने में नाकाम रहे। अर्जुन अपना स्पेल भी पूरा नहीं कर सके और चोटिल होकर पवेलियन लौट गए।

Image

अर्जुन तेंदुलकर(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • अर्जुन को पहली बार मिला आईपीएल 2024 में खेलने का मौका
  • 2.2 ओवर में लुटाए बगैर कोई विकेट लिए 22 रन
  • मांसपेशियों में खिंचाव के बाद बीच मैच में छोड़ा मैदान

मुंबई: लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शुक्रवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियन्स के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टीम के सीजन में सबसे सफल गेंदबाज रहे जसप्रीत बुमराह को टी20 विश्व कप 2024 के मद्देनजर आराम देते हुए टीम में अर्जुन तेंदुलकर को शामिल किया गया। कप्तान हार्दिक ने अर्जुन पर भरोसा जताया और पारी के दूसरे ओवर में ही उनके हाथों में गेंद थमाई। सीजन में पहली बार खेलते हुए अर्जुन ने मार्कस स्टोइनिस के खिलाफ अपने पहले ओवर में कसी हुई गेंदबाजी की और केवल 3 रन दिए। इसके बाद उनका दूसरा ओवर भी अच्छा रहा। अर्जुन ने अपने पहले स्पेल का अंत 2 ओवर में 10 रन रन के साथ किया।

चोटिल होकर बीच मुकाबले में अर्जुन ने छोड़ा मैदान

लेकिन इसके बाद कप्तान हार्दिक ने उन्हें दूसरी बार गेंद 15वें ओवर में पिच पर पैर जमा चुके निकोलस पूरन और केएल राहुल के सामने थमाई। लेकिन ओवर शुरू करने से पहले ही अर्जुन के पैर की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया। फीजियो की मदद के बाद अर्जुन ने गेंदबाजी शुरू की तो पहली दोनों गेंद सटीक यॉर्कर डालने में नाकाम रहे। दोनों ही गेंद फुलटॉस बन गई और दोनों पर पूरन ने छक्का जड़ दिया। इसके बाद अर्जुन गेंदबाजी छोड़ पवेलियन वापस लौट गए। उनके ओवर को नमन धीर ने पूरा किया। इस ओवर में लखनऊ ने कुल 29 रन बटोरे।

22 रन देकर नहीं हासिल कर पाए कोई विकेट

अर्जुन ने 2.2 ओवर में 22 रन दिए और कोई विकेट अपने नाम नहीं कर सके। स्पेल के पहले ओवर में उन्होंने मार्कस स्टोइनिस को एलबीडब्लू आउट कर दिया था लेकिन रिव्यू के बाद तीसरे अंपायर ने फैसला बदल दिया। अर्जुन के आईपीएल करियर का यह छठा मुकाबला था। अर्जुन 6 मैच में 3 विकेट अपने नाम कर सके हैं। ये विकेट उन्होंने 45.33 के औसत और 9.38 की इकोनॉमी के साथ लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 9 रन देकर 1 विकेट रहा है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article