क्रिकेट

आरसीबी कोच एंडी फ्लावर ने बताया, विराट के अलावा कौन था आरसीबी को चैंपियन बनाने वाला दूसरा खिलाड़ी

आरसीबी के हेड कोच एंडी फ्लावर ने आरसीबी की बैक टू बैक ट्रॉफी जीतने पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि विराट कोहली के अलावा इस जीत में किस खिलाड़ी को रोल सबसे अहम रहा।

Image

एंडी फ्लावर (साभार-X)

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हेड कोच एंडी फ्लावर ने सोमवार को बताया कि विराट के अलावा किस खिलाड़ी का प्रदर्शन इस सीजन अहम रहा। लगातार दो बार ट्रॉफी जीतने वाली आरसीबी इस लीग में ऐसा करने वाली तीसरी टीम बनी। इससे पहले मुंबई और चेन्नई ने यह कारानामा करके दिखाया था। अब आरसीबी के इस प्रदर्शन पर कोच एंडी फ्लावर ने प्रतिक्रिया देते हुआ कहा कि भुवनेश्वर कुमार का दबाव में अच्छा प्रदर्शन करने की काबिलियत काफी अहम रही है। आरसीबी ने रविवार को आईपीएल 2026 के एकतरफा फाइनल में पांच विकेट से जीत दर्ज करके लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। फ्लावर ने कहा कि 36 साल के इस भारतीय तेज गेंदबाज ने दूसरे अनुभवी सीनियर खिलाड़ियों के साथ मिलकर इस जीत में अहम भूमिका निभाई है।

2025 के सत्र में 17 विकेट लेने के बाद भुवनेश्वर ने आईपीएल 2026 में 28 विकेट लिए जो ’पर्पल कैप’ जीतने वाले गुजरात टाइटन्स के कागिसो रबाडा से सिर्फ एक विकेट कम थे। आरसीबी की तरफ से आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में फ्लावर ने कहा, ’’भुवी पिछले दो सत्र में जबरदस्त रहे हैं। यह कहा जा सकता है कि अगर वह सत्र में बार-बार दबाव में वैसा प्रदर्शन नहीं करते जैसा उन्होंने किया है तो हमें पिछले दो सत्र में बिल्कुल भी सफलता नहीं मिलती। ’’

जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान ने कहा कि आरसीबी को उन खिलाड़ियों से बहुत फायदा हुआ है जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट और एशेज जैसी बड़ी सीरीज में मुश्किल हालात का सामना किया है। उन्होंने कहा, ’’हम खुशकिस्मत हैं कि हमारे ड्रेसिंग रूम में ऐसे कुछ खिलाड़ी मौजूद हैं। और हम खुशकिस्मत हैं कि वे टीम पर इतने शांत और पॉजिटिव तरीके से असर डाल सकते हैं। ’’

फ्लावर ने कहा, ’’हमारे ड्रेसिंग रूम में कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जो उस स्तर का संयम और आत्मविश्वास जगाते हैं। हम विराट (कोहली) के बारे में पहले ही विस्तार से बात कर चुके हैं, लेकिन (जोश) हेजलवुड, भुवी और कृणाल पंड्या जैसे गेंदबाज भी दबाव में शांत रहते हैं। ’’

उन्होंने कहा, ’’आईपीएल में दबाव वैसा ही होता है जैसा आप विश्व कप के प्लेऑफ चरण या एशेज मैच में महसूस करते हैं। और ऐसे खिलाड़ियों का होना जिन्होंने पहले भी ऐसा किया है जो मुश्किल हालात से पहले भी गुजरे हैं, उनमें आत्मविश्वास का स्तर उन दूसरे खिलाड़ियों की तुलना में ज्यादा गहरा और मजबूत होता है जिन्हें ऐसे अनुभव नहीं हुए हैं। ’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article