क्रिकेट

आकाश सिंह के 'पर्ची सेलिब्रेशन' पर भड़के पूर्व क्रिकेटर, बोले- बैन करे BCCI

Akash Singh Chit Celebration: विकेट लेने के बाद आकाश ने जेब से एक मुड़ा हुआ कागज निकाला और उसे भीड़ और कैमरों की तरफ लहराया। उस चिट पर लिखा था - 'अक्की आग उगल रहे हैं - आकाश को पता है कि T20 गेम में विकेट कैसे लेने हैं।'

Image

आकाश सिंह (IPL/BCCI)

Akash Singh Chit Celebration: लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा तेज गेंदबाज आकाश सिंह ने शुक्रवार को IPL में ऐसा डेब्यू किया जो लंबे समय तक याद रखा जाएगा। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ इकाना स्टेडियम में आकाश ने चार ओवर में सिर्फ 26 रन देकर तीन बड़े विकेट झटके। लेकिन विकेट से ज्यादा चर्चा उनके अनोखे 'पेपर नोट सेलिब्रेशन' की हो रही है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। वहीं पूर्व क्रिकेटर अंबाती रायडू और डेल स्टेन को ये अंदाज रास नहीं आया।

आकाश सिंह ने CSK की तोड़ी थी कमर

इस सीजन अपना पहला IPL मैच खेल रहे आकाश सिंह ने पावरप्ले में ही CSK की कमर तोड़ दी। उन्होंने पहले कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और फिर ओपनर संजू सैमसन को पवेलियन भेजा। विकेट लेने के बाद आकाश ने जेब से एक मुड़ा हुआ कागज निकाला और उसे भीड़ और कैमरों की तरफ लहराया। उस चिट पर लिखा था - 'अक्की आग उगल रहे हैं - आकाश को पता है कि T20 गेम में विकेट कैसे लेने हैं।' आकाश ने ये सेलिब्रेशन मैच में दो बार किया और देखते ही देखते ये क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। फैंस ने इसे 'स्वैग' बताया तो कुछ ने ओवरएक्टिंग कहा।

रायडू बोले- 'एग्जाम हॉल में चिट नहीं लाते'

पूर्व भारतीय बल्लेबाज अंबाती रायडू को आकाश का ये अंदाज बिल्कुल पसंद नहीं आया। क्रिकइंफो के टाइम आउट शो में उन्होंने मजाकिया लहजे में कटाक्ष करते हुए कहा कि मैदान पर इस तरह की चिट अलाउड नहीं होनी चाहिए। रायडू बोले, "मुझे लगता है ये उनका दिखावा है। हो सकता है कई लोगों को पसंद न आए। ये थोड़ा मजेदार और थोड़ा बकवास है। मुझे लगता है कि उन्हें इस तरह के चिट्स पर बैन लगा देना चाहिए। ये बिल्कुल बकवास है। मेरा मतलब है, आपको एग्जाम हॉल में चिट्स लाने की इजाजत नहीं होती।"

डेल स्टेन ने भी साधा निशाना

दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने भी एक्स पर इस सेलिब्रेशन पर तंज कसा। हालांकि स्टेन ने सीधे आकाश का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका पोस्ट LSG पेसर के वायरल सेलिब्रेशन के तुरंत बाद आया। स्टेन ने लिखा, "पेपर्स को दूर रखने का समय आ गया है। यह अब ट्रेंड नहीं कर रहा है। सच कहूं तो, कभी था ही नहीं।"

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article