क्रिकेट

वेस्टइंडीज दौरे के बाद लीसेस्टरशायर के लिए खेलेंगे अजिंक्य रहाणे

  • Agency by: Agency
  • Updated Jun 18, 2023, 03:10 PM IST

पहले ही काउंटी क्रिकेट के लीसेस्टरशायर क्लब से करार कर चुके अजिंक्य रहाणे वेस्टइंडीज दौरे के बाद टीम से जुड़ जाएंगे। उन्हें जून से सितंबर तक इस क्लब से जुड़े रहना था, लेकिन वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल खेलने के कारण उन्होंने इससे गैप लिया था। वेस्टइंडीज दौरे के बाद रहाणे इस टीम से जुड़ जाएंगे।

Image

अजिंक्य रहाणे (साभार-AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • काउंटी की शरण में अजिंक्य रहाणे
  • वेस्टइंडीज दौरे के बाद खेलेंगे काउंटी
  • लीसेस्टरशायर क्रिकेट क्लब से जुड़ेंगे रहाणे

भारत के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे वेस्टइंडीज के खिलाफ उसकी सरजमीं पर दो टेस्ट मैच की श्रृंखला के बाद इंग्लिश काउंटी टीम लीसेस्टरशायर की ओर से डिविजन दो में खेलेंगे। पूर्व भारतीय कप्तान रहाणे ने इसी महीने की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के साथ भारतीय टीम में सफल वापसी की थी। वह 18 महीने के लंबे इंतजार के बाद टीम में लौटे थे।

रहाणे ने जनवरी में लीसेस्टरशायर के साथ करार किया था और आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स का प्रतिनिधित्व करने के बाद उन्हें जून से सितंबर के बीच टीम के लिए आठ प्रथम श्रेणी मैच के अलावा पूरा रॉयल लंदन कप (50 ओवर का घरेलू टूर्नामेंट) खेलना था। हालांकि, भारतीय टेस्ट टीम में वापसी के कारण वह इस काउंटी टीम से नहीं जुड़ पाए।

इस मामले की जानकारी रखने वाले भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने पीटीआई को नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया, ‘अजिंक्य वेस्टइंडीज में दो टेस्ट (जिसके 24 जुलाई को खत्म होने की संभावना है) के बाद सीधे इंग्लैंड के लिए रवाना होंगे और बाकी सत्र के लिए लीसेस्टरशर से जुड़ेंगे। वह अगस्त में रॉयल लंदन कप में खेलेंगे और सितंबर में संभवत: चार काउंटी मैच खेलेंगे क्योंकि उनके सीमित ओवरों की टीम में जगह बनाने की उम्मीद नहीं है।’

रहाणे दूसरी बार काउंटी की राह पर

रहाणे दूसरी बार काउंटी क्रिकेट खेलते नजर आएंगे। इससे पहले वह 2019 सत्र में हैम्पशायर की ओर से खेले थे जब उन्हें 50 ओवर के विश्व कप की टीम से बाहर कर दिया गया था। डब्ल्यूटीसी फाइनल में भारत की पहली पारी में 89 रन बनाने वाले रहाणे ने हाल में 83 टेस्ट में पांच हजार रन पूरे किए। उन्होंने दूसरी पारी में भी 46 रन बनाए थे। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भारत की तरफ से सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर वाले बल्लेबाज रहाणे हीं हैं।

हालांकि, रहाणे के अलावा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में टीम इंडिया का कोई भी बल्लेबाज नहीं चला और ऑस्ट्रेलिया ने 209 रन के बड़े अंतर से पटखनी देकर पहली बार यह खिताब अपने नाम कर लिया।

End of Article