क्रिकेट

'कुछ दिन ब्रेक के बाद...', KKR के एलिमिनेट होने के बाद अजिंक्य रहाणे ने संन्यास पर दिया बड़ा अपडेट

कोलकाता नाइट राइडर्स के आईपीएल 2026 से बाहर होने के बावजूद अजिंक्य रहाणे ने मुश्किल शुरुआत के बाद अपनी टीम के जुझारूपन की तारीफ की। उन्होंने टीम की लड़ने की भावना को खास तौर पर सराहा, जिसने प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा। इसके साथ ही रहाणे ने अपने क्रिकेट के मैदान पर अपनी वापसी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह जब तक क्रिकेट खेल रहे हैं वह खुश हैं।

Image

अजिंक्य रहाणे ने अपनी क्रिकेट में वापसी पर दिया बड़ा बयान। फोटो- स्क्रीनग्रैब

आईपीएल 2026 का आखिरी लीग मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। यह दोनों टीमों के लिए शान का मुकाबला रहा और इसमें दिल्ली ने बाजी मारी। दिल्ली ने जीत के साथ 19वें सीजन से विदा ली। वहीं, केकेआर को 40 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी और अपने होम ग्राउंड पर शर्मसार होना पड़ा। हार के बाद अजिंक्य रहाणे के बयान की चर्चा तेज हो गई है।

रविवार को ईडन गार्डन्स में दिल्ली कैपिटल्स के हाथों 40 रनों की हार के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स का आईपीएल 2026 का सफर खत्म होने के बावजूद, अजिंक्य रहाणे अपनी टीम की लड़ने की भावना पर गर्व महसूस करते रहे। लक्ष्य का पीछा करते हुए रहाणे ने 39 गेंदों में 63 रनों की शानदार पारी खेली और मैच के बाद माना कि शुरुआत में बल्लेबाजी करना आसान नहीं था। इसके अलावा अब वह मुंबई की लोकल लीग में जल्द ही वापसी करने की योजना बना रहे हैं।

'मैं अच्छी बल्लेबाजी कर रहा'

मैच के बाद रहाणे ने कहा, 'हां, मेरा मतलब है कि शुरुआत में विकेट थोड़ा मुश्किल था। मैं बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहा था और मुझे पता था कि किसी एक बल्लेबाज को आखिर तक टिके रहना होगा, इसलिए मैंने जोखिम उठाने की कोशिश की। असल में, मैं स्ट्राइक रोटेट करने पर भी खास ध्यान दे रहा था।

'टीम पर गर्व'

उन्होंने कहा, 'शुरुआती छह मैचों के बाद हम जिस मुश्किल हालात में थे, वहां से वापसी करना, लीग में अपनी उम्मीदों को जिंदा रखना और उस तरह की क्रिकेट खेलना, इन सबके लिए मजबूत इरादा, सकारात्मक रवैया और जबरदस्त जुझारूपन की जरूरत होती है। मुझे टीम के हर एक खिलाड़ी पर सचमुच बहुत गर्व है।'

'जूम पर करेंगे चर्चा'

रहाणे ने कहा, 'मुझे लगता है कि इस समय खिलाड़ियों की अपनी-अपनी जिम्मेदारियां हैं। हम बस अपने-अपने घर चले जाएंगे, शायद कुछ समय का ब्रेक लेंगे, और फिर जाहिर है, हम शायद फोन या जूम पर एक-दूसरे से जुड़ेंगे और आगे की योजनाओं पर चर्चा करेंगे।'

'ब्रेक के बाद...'

क्रिकेट के मैदान पर अपनी वापसी को लेकर रहाणे ने कहा, 'मेरे लिए, बस कुछ दिनों का ब्रेक है। मैं मुंबई में अपनी लोकल लीग खेलने जा रहा हूं, जिसका मुझे सच में बेसब्री से इंतजार है। जब तक मैं क्रिकेट खेल रहा हूं, मैं खुश हूं। तो हां, कुछ दिनों का ब्रेक और फिर वापस क्रिकेट के मैदान में।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article