अजिंक्य रहाणे और शार्दूल ठाकुर की अर्धशतकीय पारी के दम पर टीम इंडिया ने पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया के 469 रन के जवाब में 296 रन बनाए। रहाणे 129 गेंद में 89 रन बनाकर आउट हुए जबकि शार्दूल ठाकुर ने 109 गेंद पर 51 रन की पारी खेली। दोनों ने छठे विकेट के लिए 109 रन की साझेदारी की और टीम इंडिया को फॉलोओन से बचा लिया। इससे पहले रहाणे ने रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर 5वें विकेट के लिए 71 रन जोड़े थे।
शार्दुल और रहाणे की शतकीय साझेदारी
142 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवा चुकी टीम इंडिया पर फॉलोओन का खतरा मंडरा रहा था, लेकिन शार्दूल ठाकुर और अजिंक्य रहाणे ने छठे विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी कर टीम इंडिया की लाज रख ली।
WTC Final में सर्वाधिक स्कोर
ट्रेविस हेड- 163
स्टीव स्मिथ- 121
अजिंक्य रहाणे- 89
डेवॉन कॉन्वे- 54
केन विलियमसन- 52*
इस सूची में एकमात्र भारतीय खिलाड़ी अजिंक्य रहाणे हैं जिन्होंने अर्धशतक जड़ा है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबले में वह भारत की तरफ से सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज हैं। यह पहली बार नहीं हुआ है, जब टीम इंडिया पहली बार न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का पहला फाइनल खेल रही थी तो उस मैच में भी भारत की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ही थे। रहाणे ने उस मैच में 117 गेंद में 49 रन की पारी खेली थी।
टेस्ट क्रिकेट में पूरा किया 5,000 रन अजिंक्य रहाणे ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 5,000 रन पूरे कर लिए हैं। अब रहाणे के नाम 83 मैच में 141 इनिंग में 38.91 की औसत और 49.70 की स्ट्राइक रेट से 5,020 रन हो गए हैं। वह भारत की तरफ से 5,000 रन बनाने वाले 13वें बल्लेबाज बन गए हैं।
