आज पूरे देश में दशहरा हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। दशहरा के मौके पर भारत के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे के घर खुशियों ने दस्तक दी है। रहाणे दूसरी बार पिता बने हैं। उनकी पत्नी राधिका ने बेटे को जन्म दिया है। मां और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ्य है। रहाणे ने इस खुशी को फैंस के संग सोशल मीडिया पर बांटा है। उन्होंने फैंस के लिए एक खास पोस्ट शेयर की है, जिसकी बाद बधाइयों का तांता लग गया।
रहाणे ने बुधवार को ट्विटर पर लिखा, 'आज सुबह, राधिका और मैंने दुनिया में अपने बच्चे का स्वागत किया। राधिका और बच्चा पूरी तरह स्वस्थ हैं। हम आप सभी का प्यार और आशीर्वाद देने के लिए शुक्रिया अदा करना चाहते हैं।' रहाणे की पोस्ट पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने कमेंट किया, 'तुम दोनों को मुबारक हो और छोटे को ढेर सा प्यार।' रहाणे की आईपीएल टीम केकेआर ने लिखा, 'बहुत-बहुत बधाई! सबसे छोटे साइज की जर्सी तैयार हो रही है, जिसके पीछे रहाणे लिखा होगा।'
रहाणे साल 2019 में पहली बार पिता बने थे। तब उनकी पत्नी ने बेटी को जन्म दिया था, जिसका नाम आर्या है। आर्या का जन्म शादी के पांच बाद साल हुआ था। गौरतलब है कि रहाणे पिछले काफी समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। रहाणे ने कई महीनों तक चोट से जूझने के बाद हाल ही में समाप्त हुई दलीप ट्रॉफी में वापसी की। उन्होंने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच इस साल जनवरी में खेला था। रहाणे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में मैदान पर उतरे थे। उन्होंने भारत के लिए 82 टेस्ट मैचों में 4931 रन जुटाए हैं। रहाणे ने 90 वनडे और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में क्रमश: 2962 और 315 रन बनाए। उन्होंने सीमित ओवर फॉर्मेट का अंतिम मैच 2018 में खेला।
