AFG vs SA Pitch Report In Hindi Today Match: पाकिस्तान के कराची (Karachi) में आज आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 (ICC Champions Trophy 2025) का तीसरा मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में आमने-सामने होंगी अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका (Afghanistan vs South Africa) की वनडे टीमें। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने पिछले कुछ सालों में अपने खेल में जबरदस्त सुधार किया है और बड़े-बड़े आईसीसी इवेंट्स में उन्होंने दुनिया की दिग्गज टीमों को शिकस्त देकर सुर्खियां बटोरी हैं। वहीं दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल में पहुंचने के अलावा आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी पहुंची है, वो लगातार लय में नजर आ रहे हैं और टीम भी मजबूत है। ऐसे में अफगानिस्तान-दक्षिण अफ्रीका के बीच आज का मैच रोमांचक होने वाला है। अफगानिस्तान वनडे टीम की कमान हशमतुल्लाह शाहिदी (Hashmatullah Shahidi) के हाथों में है। जबकि दक्षिण अफ्रीकी वनडे टीम की कप्तानी तेम्बा बावुमा (Temba Bavuma) कर रहे हैं। ये मुकाबला भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 2:30 बजे से खेला जाएगा।
अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज खेले जाने वाले चैंपियंस ट्रॉफी मैच से पहले जान लेते हैं कि इन दोनों टीमों की पुरानी भिड़ंत वनडे क्रिकेट में कितनी बार हुई है और कैसे रहे हैं उनके नतीजे। अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे क्रिकेट इतिहास में अब तक सिर्फ 5 मुकाबले खेले गए हैं। इन मैचों में अफगानिस्तान ने भी कड़ी टक्कर दी है और 2 बार जीत दर्ज की। जबकि दक्षिण अफ्रीका ने 3 बार अफगानी टीम को शिकस्त दी है। उनके बीच अब तक सभी मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेले गए हैं और आज का मुकाबला भी न्यूट्रल वेन्यू यानी पाकिस्तान के कराची में होने जा रहा है। अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच आखिरी बार कोई वनडे मैच 22 सितंबर 2024 को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था। उस मैच में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 34 ओवर में 169 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। जवाब में उतरी दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने एडेन मार्करम (Aiden Markram) की नाबाद 69 रनों की पारी के दम पर 33 ओवर में 3 विकेट खोते हुए लक्ष्य को हासिल कर लिया था और 7 विकेट से जीत दर्ज की थी। आज दोनों टीमें तकरीबन 5 महीने बाद एक बार फिर आमने-सामने आने जा रही हैं।
अफगानिस्तान-दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस ट्रॉफी मैच की पिच रिपोर्ट (AFG vs SA Pitch Report)
आज जब अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका ग्रुप-बी के मुकाबले में चैंपियंस ट्रॉफी में अपना-अपना पहला मैच खेलने उतरेंगी तो उनकी नजर सिर्फ और सिर्फ जीत पर होगी ताकि शुरुआत मजबूती के साथ की जाए। इनके बीच मैच कराची के नेशनल स्टेडियम (National Stadium) में होने वाला है जहां की पिच बेहद सपाट है और यहां पर हमेशा से बल्लेबाज रनों का अंबार लगाते रहे हैं। हालांकि इस बार चैंपियंस ट्रॉफी के पहले मैच में जब इस मैदान पर पाकिस्तान और न्यूजीलैंड का मुकाबला हुआ तो पिच का रुख थोड़ा बदला-बदला सा लगा। रन तो बने लेकिन साथ ही साथ मेजबान पाकिस्तान ने 160 गेंदों पर कोई रन नहीं बनाया जबकि वे 321 जैसे बड़े लक्ष्य का पीछा कर रहे थे। जब पाकिस्तान बैटिंग करने उतरी तो न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज और स्पिनर ऐसा हावी हुए कि पूरी टीम 47.2 ओवर में ही 260 रन पर सिमट गई, नतीजतन न्यूजीलैंड 60 रन से जीत गया। ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि मुकाबले में दोनों पारियां मिलाकर कुल 500 रन से ऊपर का आंकड़ा जा सकता है, लेकिन गेंदबाजों को भी दरकिनार अब नहीं किया जाएगा। यहां पर पहली पारी का औसत स्कोर 247 रन है, जबकि इस ग्राउंड का सर्वाधिक वनडे स्कोर 374 रन है जो भारत ने 2008 में अपने नाम किया था।
आज कैसा रहेगा कराची का मौसम (Karachi Weather Today)
अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज का चैंपियंस ट्रॉफी मुकाबला कराची में होने जा रहा है तो यहां के मौसम की बात भी कर लेते हैं। कराची में आज पूरा दिन बादल छाए रहने के आसार हैं और कुछ जगहों पर थोड़ी-बहुत बारिश के भी आसार हैं। उमस कम रहेगी। कराची में आज का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेंटीग्रेड तक जाने के आसार हैं, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने का अनुमान है।
मैच में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें (Players To Watch Out For In AFG vs SA Match)
अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज खेले जाने वाले मैच में अफगानिस्तान की तरफ से राशिद खान (Rashid Khan), अजमातुल्लाह ओमरजई (Azmatullah Omarzai), रहमानुल्लाह गुरबाज (Rahmanullah Gurbaz), सदिकल्लाह अटल (Sadiqullah Atal) और फजलहक फारुकी (Fazalhaq Farooqi) पर नजरें रहेंगी। वहीं, दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम की तरफ से टोनी डी जोर्जी (Tony de Zorzi), हेनरिच क्लासेन (Heinrich Klaasen), मारको जेनसेन (Marco Jansen), केशव महाराज (Keshav Maharaj) और कगिसो रबाडा (Kagiso Rabada) से उम्मीदें रहेंगी।
कराची में पिछले 5 वनडे मैचों के स्कोरकार्ड और नतीजे (Last 5 ODI Match Scorecards And Results At Karachi)
| तारीख | टीमें | मैच का स्कोरकार्ड | नतीजा |
| 5 मई 2023 | पाकिस्तान-न्यूजीलैंड | पाकिस्तान- 334/6, न्यूजीलैंड- 232 ऑलआउट (43.4 ओवर) | पाकिस्तान 102 रन से जीता |
| 7 मई 2023 | पाकिस्तान-न्यूजीलैंड | न्यूजीलैंड- 299 रन, पाकिस्तान- 252 ऑलआउट (46.1 ओवर) | न्यूजीलैंड 47 रन से जीता |
| 12 फरवरी 2025 | पाकिस्तान-द.अफ्रीका | द.अफ्रीका- 352/5, पाकिस्तान- 355/4 (49 ओवर) | पाकिस्तान 6 विकेट से जीता |
| 14 फरवरी 2025 | पाकिस्तान-न्यूजीलैंड | पाकिस्तान- 242 ऑलआउट, न्यूजीलैंड- 243/5 (45.2 ओवर) | न्यूजीलैंड 5 विकेट से जीता |
| 19 फरवरी 2025 | पाकिस्तान-न्यूजीलैंड | न्यूजीलैंड- 320/5, पाकिस्तान- 260 ऑलआउट (47.2 ओवर) | न्यूजीलैंड 60 रन से जीता |
अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका की चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीमें (Afghanistan And South Africa Champions Trophy Squads)
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमत शाह, इकराम अलीखिल, इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज, सेदिकुल्लाह अटल, राशिद खान, नांग्याल खरोती, नूर अहमद, फजलहक फारूकी, फरीद मलिक, नवीद जादरान, गुलबदीन नायब, अजमतुल्ला उमरजई और मोहम्मद नबी।
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम: तेम्बा बावुमा (कप्तान), हेनरिच क्लासेन, केशव महाराज, एडेन मार्कराम, टोनी डी जोरजी, मार्को यानसन, डेविड मिलर, वियान मुल्डर, लुंगी एनगिडी, ट्रिस्टन स्टब्स, रासी वैन डेर डुसेन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, रयान रिकलटन और तबरेज शम्सी।
