IND vs AUS: रविवार से शुरू हो रहे भारत-ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज से पहले मार्श एंड कंपनी को बड़ा झटका लगा है। टीम के दो मैच विनर, स्पिनर एडम जैंपा और विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिस इस मुकाबले का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। इन दोनों खिलाड़ियों की जगह स्क्वॉड में मैथ्यू कुहनेमैन और जोश फिलिप को शामिल किया गया है। जैंपा पिता बनने वाले हैं और इस कराण इस मुकाबले का हिस्सा नहीं हो पाएंगे। वहीं इंग्लिस चोट से उबर रहे हैं। जैंपा के दूसरे और तीसरे वनडे के लिए वापसी करने की संभावना है। उनकी जगह कुहनमैन को टीम में शामिल किया गया है और ऐसा लग रहा है कि वह तीन साल में ऑस्ट्रेलिया के लिए अपना पहला वनडे खेलेंगे।
दूसरी तरफ इंग्लिस की जगह जोश फिलिप विकेटकीपिंग की ज़िम्मेदारी संभालेंगे। टेस्ट और वन-डे फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के पसंदीदा विकेटकीपर एलेक्स कैरी भी विकेटकीपिंग के दावेदार थे। लेकिन उन्हें अगले महीने शुरू होने वाली एशेज की तैयारी के लिए इस मैच से दूर रखा गया है। इंग्लिस अगले हफ़्ते एडिलेड में होने वाले दूसरा वनडे मैच भी नहीं खेल पाएंगे। इस मुकाबले में एलेक्स कैरी की वापसी हो सकती है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद है कि इंग्लिस 25 अक्टूबर को सिडनी में होने वाले सीरीज के आखिरी मैच तक ठीक हो जाएंगे। 2021 के कैरिबियन दौरे के बाद से फिलिप ने अभी तक कोई वनडे नहीं खेला है। पिछले दो सालों में, फिलिप ने किसी भी फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व नहीं किया है।
ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी (विकेट कीपर), कूपर कोनोली, बेन ड्वार्शिस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस (विकेट कीपर), मैथ्यू कुहनेमैन, मिचेल ओवेन, जोश फिलिप (विकेट कीपर), मैट रेनशॉ, मैथ्यू शॉर्ट, मिचेल स्टार्क, एडम जैंपा।
