नई दिल्ली: उंगली में फ्रैक्चर की वजह से युवा सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर होना पड़ा है। चोट की वजह से रुतुराज सीरीज के तीसरे और निर्णायक वनडे मैच में नहीं खेल पाए थे। दुर्भाग्यवश अब उन्हें टेस्ट सीरीज से भी चोट की वजह से बाहर का रास्ता देखना पड़ा।
ईश्वरन को मिल सकती है रुतुराज की जगह
ऐसे में अब खबरे आ रही हैं कि पश्चिम बंगाल के बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन को रुतुराज की जगह टेस्ट टीम में शामिल किया जा सकता है। 28 वर्षीय अभिमन्यु को इससे पहले भी टेस्ट टीम में शामिल किया गया है लेकिन उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिल सका। ऐसे में उनकी एक बार फिर टेस्ट टीम में एंट्री होने जा रही है।
ऐसा रहा है अभिमन्यु का प्रथम श्रेणी करियर
ईश्वरन के पास घरेलू क्रिकेट का अच्छा खासा अनुभव है। उन्होंने अबतक करियर में 88 प्रथम श्रेणी, 88 लिस्ट ए और 34 टी20 मैच खेले हैं। 88 लिस्ट ए मैचों में अभिमन्यु ने 47.24 के औसत से 6567 रन बनाए हैं। जिसमें 22 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। 233 उनका प्रथम श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।
