CWG 2026 India Day 1 Schedule: स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में आज से शुरू होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पहले दिन के खेलों की शुरुआत हो चुकी हैं। जबकि आज शाम (भारतीय समय के मुताबिक रात 10:30 बजे) एक भव्य ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन भी किया जाएगा। भारतीय दल गुरुवार को ग्लासगो में अपने कॉमनवेल्थ गेम्स अभियान की शुरुआत करेगा। 124 सदस्यों वाली भारतीय टीम का लक्ष्य प्रतियोगिता के काफी कम किए गए कार्यक्रमों का पूरा फायदा उठाना होगा। ग्लासगो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में प्रतियोगिताएं चार जगहों पर आयोजित की जाएंगी।
भारत का कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 अभियान शेड्यूल में शामिल दो बॉल्स मैचों के साथ शुरू होगा। ये मैच ग्लासगो 2026 में भारतीय टीम के लिए शुरुआती मुकाबले होंगे, जबकि चार साल में होने वाला यह इवेंट आधिकारिक तौर पर आज ही ओपनिंग सेरेमनी के साथ शुरू होगा।
पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों के इवेंट (Indian Contingent Events On Day 1)
लॉन बॉल्स इवेंट में आज भारत
दोपहर 2:00 बजे (भारतीय समय के मुताबिक) - पुरुषों का सिंगल्स ग्रुप स्टेज (पहला दिन)
दोपहर 2:00 बजे (भारतीय समय के मुताबिक) - महिलाओं का पेयर्स ग्रुप स्टेज (पहला दिन)
ओपनिंग सेरेमनी: रात 10:30 बजे (भारतीय समय के मुताबिक)
किन-किन खेलों में हिस्सा लेंगे भारतीय खिलाड़ी
भारतीय एथलीट आठ खेलों में हिस्सा लेंगे, जिनमें एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, वेटलिफ्टिंग, जूडो, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स, ट्रैक साइक्लिंग, बॉल्स और स्विमिंग शामिल हैं। वहीं, भारत के पैरा-एथलीट पांच खेलों में हिस्सा लेंगे, जिनमें पैरा-एथलेटिक्स, 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल, पैरा-पावरलिफ्टिंग, पैरा-स्विमिंग और पैरा-ट्रैक साइक्लिंग शामिल हैं।
नीरज चोपड़ा का इवेंट कब होगा?
मुख्य एथलेटिक्स प्रतियोगिता 27 जुलाई से 1 अगस्त तक स्कॉट्सटौन स्टेडियम में होगी। पूर्व ओलंपिक और वर्ल्ड चैंपियन नीरज चोपड़ा ट्रैक एंड फील्ड में भारत की चुनौती की अगुवाई करेंगे, जिसमें पुरुषों का जैवलिन थ्रो फाइनल 1 अगस्त को होना है। चोपड़ा कॉमनवेल्थ गेम्स का खिताब फिर से जीतने की कोशिश करेंगे, क्योंकि चोट के कारण वह बर्मिंघम 2022 में अपने खिताब का बचाव नहीं कर पाए थे। भारतीय जैवलिन स्टार ने गोल्ड कोस्ट 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था और खुद को देश के प्रमुख ट्रैक एंड फील्ड एथलीटों में से एक के तौर पर स्थापित किया था।
कब होगा वेटलिफ्टिंग इवेंट? भारत की मीराबाई चानू पर नजरें
वेटलिफ्टिंग इवेंट्स 26 से 30 जुलाई तक होंगे, जिसमें दो बार की कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन और ओलंपिक मेडलिस्ट मीराबाई चानू इस खेल में भारत की मेडल की उम्मीदों की अगुवाई करेंगी।
