स्पोर्ट्स

BWF World Junior Championships 2025: टूटा तन्वी शर्मा का स्वर्णिम सपना, सिल्वर मेडल के साथ खत्म हुआ वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप में सफर

भारतीय बैडमेंटन की युवा स्टार तन्वी शर्मा का बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने का सपना रविवार को थाईलैंड की अन्यापत फिचितप्रीचासक के खिलाफ फाइनल में हार के साथ टूट गया।

Image

बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर चैंपियनशिप की सिल्वर मेडलिस्ट तन्वी शर्मा (फोटो क्रेडिट BAI Media)

गुवाहाटी: भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी शर्मा का बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने का सपना रविवार को महिला एकल फाइनल में थाईलैंड की अन्यापत फिचितप्रीचासक से सीधे गेम में हारकर टूट गया। यह 16 वर्षीय खिलाड़ी साइना नेहवाल और अपर्णा पोपट के नक्शेकदम पर चलते हुए टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाली केवल तीसरी भारतीय महिला शटलर बनी। फाइनल में हालांकि वह अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई और उन्हें दूसरी वरीयता प्राप्त थाई खिलाड़ी से 7-15, 12-15 से हार का सामना करना पड़ा। इस प्रकार तन्वी ने रजत पदक के साथ अपने अभियान का समापन किया जो 17 वर्षों में विश्व जूनियर चैंपियनशिप में भारत का पहला पदक है।

साइना (2008 में स्वर्ण और 2006 में रजत) और अपर्णा (1996 में रजत) इस प्रतियोगिता में पदक जीतने वाली अन्य भारतीय महिला खिलाड़ी हैं। फाइनल में मुकाबला शुरू से ही कड़ा रहा क्योंकि दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे की गलतियों के कारण 2-2 से 4-4 तक बराबरी पर आ गए। थाई खिलाड़ी ने हालांकि इसके बाद भारतीय खिलाड़ी की गलतियों का फायदा उठाकर 10-5 की बढ़त बना ली और फिर इसके बाद आसानी से पहला गेम अपने नाम किया।

दूसरे गेम में तन्वी ने कुछ सटीक डीप रिटर्न के साथ 6-1 की बढ़त बना ली। लेकिन फिर से उन्होंने गलतियां की जिसका फायदा उठाकर थाई खिलाड़ी ने अंतर को 5-7 तक कम कर दिया। फfचितप्रीचासक का अगला शॉट चूक गया, जिससे तन्वी को मध्यांतर तक 8-5 की मामूली बढ़त मिल गई। थाई खिलाड़ी ने हालांकि तन्वी को बार-बार नेट पर आने के लिए मजबूर किया जिससे उनकी गलतियां बढ़ गई। थाईलैंड की खिलाड़ी ने जल्द ही स्कोर 8-8 से बराबर कर दिया। थाईलैंड की खिलाड़ी इसके बाद अधिक आत्मविश्वास के साथ खेली। उन्होंने जल्द ही बढ़त हासिल की और इसे आखिर तक बरकरार रखकर मैच अपने नाम किया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article