स्पोर्ट्स

बिहार के दो ताइक्वांडो खिलाड़ियों को सरकार का सहारा, वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए मिलेंगे दो-दो लाख रुपये

भवानी सिंह और रिया सिंह का चयन वर्ल्ड ताइक्वांडो पूमसे चैंपियनशिप 2026 के लिए हुआ है, जो 16 से 20 सितंबर तक साउथ कोरिया के चुंचियोन शहर में खेली जाएगी। यह दोनों के लिए पहला वर्ल्ड टूर्नामेंट है।

Image

सम्राट चौधरी (फोटो साभार- @officecmbihar)

गोपालगंज के दो युवा खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत से अंतरराष्ट्रीय मंच पर जगह बना ली है। भवानी सिंह और रिया सिंह का चयन वर्ल्ड ताइक्वांडो पूमसे चैंपियनशिप 2026 के लिए हुआ है, जो 16 से 20 सितंबर तक साउथ कोरिया के चुंचियोन शहर में खेली जाएगी। यह दोनों के लिए पहला वर्ल्ड टूर्नामेंट है, लेकिन इस सपने को पूरा करने में पैसों की कमी आड़े आ रही थी। विदेश जाने, रहने और ट्रेनिंग के खर्च को लेकर दोनों परिवार चिंतित थे। इसके बाद उन्होंने बिहार सरकार से आर्थिक मदद मांगी।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनकी अपील पर तुरंत फैसला लिया। उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया X पर जानकारी देते हुए बताया कि दोनों खिलाड़ियों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने पोस्ट में लिखा कि गोपालगंज के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन होना पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है। आर्थिक तंगी के कारण उनकी तैयारी में कोई बाधा न आए, इसलिए सरकार ने मदद मंजूर की है।

कौन हैं ये दोनों खिलाड़ी?

भवानी सिंह बरौली ब्लॉक के रतनसराय गांव से हैं। वह फ्रीस्टाइल पूमसे कैटेगरी में खेलते हैं और अब तक चार नेशनल चैंपियनशिप में मेडल जीत चुके हैं। रिया सिंह बरौली के ही रामपुर सदौन की रहने वाली हैं। वह भी स्टेट और नेशनल लेवल पर कई मेडल अपने नाम कर चुकी हैं। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें बिहार राज्य खेल पुरस्कार भी मिल चुका है। दोनों ने अपने कोच की देखरेख में कड़ी ट्रेनिंग कर टीम इंडिया में जगह पक्की की है।

क्या होता है पूमसे?

पूमसे ताइक्वांडो का एक रूप है, जिसमें पंच, किक और ब्लॉक के जरिए आत्मरक्षा के पैटर्न दिखाए जाते हैं। इसमें खिलाड़ी को अनुशासन और संतुलन का बेहतरीन नमूना पेश करना होता है। सरकार की इस 2 लाख की मदद से अब भवानी और रिया बिना किसी आर्थिक दबाव के देश के लिए मेडल लाने की तैयारी कर सकेंगे।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article