स्पोर्ट्स

वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप के पहले ही मैच में विश्व नंबर.1 खिलाड़ी से भिड़ने को तैयार आयुश शेट्टी, तैयार की खास रणनीति

Ayush Shetty All Set For World Badminton Championship: जल्द ही विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप का आगाज होने जा रहा है और इस बार टूर्नामेंट भारत में हो रहा है, जिस वजह से भारतीय खिलाड़ियों के लिए ये बेहद खास होगा। कई युवा चेहरे इसमें हिस्सा लेंगे और आयुष शेट्टी भी उनमें से एक हैं जिनका पहला ही मुकाबला दुनिया के शीर्ष खिलाड़ी से होना है।

Image

आयुष शेट्टी (Instagram/AyushShetty)

भारत के युवा शटलर आयुष शेट्टी ने सोमवार को कहा कि वह अधिक आक्रामक खिलाड़ी बनने की कोशिशों में लगे हैं और उन्हें विश्वास है कि विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के पहले दौर में चीन के विश्व में नंबर एक खिलाड़ी शी युकी के खिलाफ उनकी यह रणनीति कारगर साबित होगी। विश्व चैंपियनशिप में पदार्पण कर रहे आयुष ने कहा कि वह 17 अगस्त से यहां शुरू होने वाली प्रतियोगिता में किसी बड़े खिलाड़ी का सामना करने के लिए मानसिक रूप से तैयार थे क्योंकि उन्हें वरीयता नहीं मिली है।

आयुष ने वर्चुअल बातचीत में कहा, "मैं ड्रॉ लाइव देख रहा था। जैसे ही मुझे शी के साथ ड्रॉ का पता चला, मैं तैयार हो गया। मुझे वरीयता नहीं मिली है और इसलिए मैं विश्व में नंबर एक खिलाड़ी का सामना करने के लिए मानसिक रूप से तैयार था।" विश्व रैंकिंग में 23वें स्थान पर काबिज 21 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी आयुष अभी तक शी से तीन बार हार चुके हैं, जिसमें एशियाई बैडमिंटन चैंपियनशिप (एबीसी) का फाइनल भी शामिल है, लेकिन उनका मानना है कि इससे उन्हें काफी सीख मिली है।

उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि मैं उससे तीन बार हारा हूं। मुझे काफी कुछ सीखने को मिला, खासकर एबीसी फाइनल में। वह रणनीतिक मामलों में मुझसे बेहतर था लेकिन हम कड़ी मेहनत कर रहे हैं और मैं पहले से ज्यादा मजबूत महसूस कर रहा हूं। वह निश्चित रूप से कड़ा प्रतिद्वंदी है। मुझे एबीसी फाइनल याद है, वह पूरी तैयारी के साथ आया था। मैंने अपने खेल में सुधार किया है। मैं उस मैच का विश्लेषण कर रहा हूं और मानसिक पहलू पर भी ध्यान दे रहा हूं। उसके खिलाफ आपको वाकई कड़ी मेहनत करनी होगी।"

आयुष इंडोनेशिया के रहने वाले कोच इरवानस्याह आदि प्रतामा के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे हैं। वह पीवी सिंधु के भी कोच हैं। उन्होंने कहा, "हम कड़ा अभ्यास कर रहे हैं। मैं फुर्तीला, तेज और आक्रामक बनने की कोशिश कर रहा हूं।"

यह युवा खिलाड़ी सिंधु के साथ अभ्यास भी कर रहा है, जिससे उन्हें अपने आक्रामक खेल को निखारने में मदद मिली है। उन्होंने कहा, "हम साथ में अभ्यास कर रहे हैं। वह आक्रामक खिलाड़ी हैं। उनसे बहुत कुछ सीखना है। हम एक ही तरह की शैली में खेल रहे हैं। हम और अधिक आक्रामक खेलने की कोशिश कर रहे हैं।"

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article