मेलबर्न: बेलारूस की आर्यना सबालेंका ने शनिवार को ऑस्ट्रेलियन ओपन 2024 का महिला एकल खिताब अपने नाम कर लिया। सबालेंका ने खिताबी मुकाबले में चीन की झेंग किनवेन को सीधे सेट में 6-3, 6-2 के अंतर से मात दी। किनवेन पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम के फाइनल में पहुंची थीं। डिफेंडिंग चैंपियन सबालेंका ने किनवेन को कोई मौका नहीं दिया और लगातार दूसरी बार खिताब पर कब्जा कर लिया। सबालेंका साल 2012-13 के बाद लगातार दो बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का महिला एकल खिताब जीतने वाली पहली खिलाड़ी बनी हैं। उनसे पहले विक्टोरिया एजारेंका ने ये कारनामा साल 2012-13 में किया था।
13 महीने में खेला तीसरा गैंड स्लैम फाइनल
सबालेंका को 12वीं वरीयता प्राप्त झेंग के खिलाफ पहला सेट जीतने में महज 33 मिनट लगे इसके बाद दूसरा सेट भी उन्होंने आसानी से अपने नाम कर लिया। सबालेंका का करियर का यह दूसरा ग्रैंडस्लैम खिताब है। पिछले साल वो यूएस ओपन के फाइनल में पहुंचीं थीं लेकिन खिताब अपने नाम करने से चूक गई थीं। साल 2000 के बाद बिना कोई सेट गंवाए यहां चैंपियनशिप जीतने वाली पांचवीं महिला हैं। इस सूची में सेरेना विलियम्स भी शामिल हैं। पिछले 13 महीने में 25 साल की सबालेंका अपना तीसरा ग्रैंड स्लैम फाइनल खेल रही थीं। इसमें से दो में वह जीत दर्ज करने में सफल रहीं। पिछले साल इस टूर्नामेंट के फाइनल में एलिना रायबकिना को हराया था।
पहली बार गैंड स्लैम फाइनल में पहुंची थीं झेंग
चीन की 21 वर्षीय झेंग का पहला ग्रैंड स्लैम फाइनल था। वह इस टूर्नामेंट में पहली बार रैंकिंग में शीर्ष 50 में शामिल प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ खेल रही थी। ग्रैंड स्लैम में दोनों खिलाड़ियों के बीच यह दूसरा मुकाबला था। सबालेंका ने पिछले साल अमेरिकी ओपन क्वार्टर फाइनल में झेंग को हराकर फाइनल तक का सफर तय किया था। वहां फाइनल में उन्हें 19 साल की अमेरिका की कोको गॉफ के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
(भाषा इनपुट के साथ)
